बसपा समर्थित प्रत्याशी के समर्थकों ने किया हंगामा
सरधना। जिला पंचायत के वार्ड 10 के मतों की घोषणा नहीं करने को लेकर बसपा समर्थित प्रत्याशी अश्विनी शर्मा के समर्थकों ने हंगामा कर दिया। पुलिस ने भीड़ को शांत करने का प्रयास किया। गुस्साई भीड़ ने खंड विकास अधिकारी सुमित कुमार भाटी से अभद्रता की। वह मतपेटी गाड़ी में लेकर चले तो परिवार गाड़ी के आगे लेट गया। महिलाएं पुलिसकर्मियाें से भिड़ गई। एसडीएम व सीओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। भीड़ को बमुश्किल शांत कराया। इसके बाद वह मतगणना केंद्र के गेट धरने पर बैठ गए।
संत चार्ल्स इंटर कॉलेज में चल रही मतगणना के दौरान बसपा समर्थित प्रत्याशी अश्विनी ने कहा कि निर्वाचन अधिकारी उनके मतों की घोषणा नहीं कर रहे हैं, जबकि वह करीब 200 वोटों से विजय घोषित होने चाहिए। उनकी वोट भाजपा समर्थित प्रत्याशी राहुल चौहान से ज्यादा हैं। वहीं दूसरी तरफ राहुल चौहान का कहना है कि उन्हें गलत तरीके से हराया जा रहा है और वह रिकॉर्डिंग की मांग कर रहे हैं। हंगामे के दौरान दो घंटे तक मतगणना प्रभावित रही। निर्वाचन अधिकारी अरविंद कुमार मतगणना के दौरान वहां से दो घंटे गायब रहे। उसके बाद पहुंचे तो घोषणा नहीं की। जिस कारण गतिरोध बन गया। वार्ड 10 से भाजपा प्रत्याशी राहुल चौहान ने बताया कि वह 140 वोट से जीत रहे हैं। उन्होंने दोबारा गिनती की मांग की। जबकि बसपा समर्थित प्रत्याशी अश्विनी शर्मा का कहना है कि वह 194 वोटों से जीत रहे हैं, लेकिन चुनाव अधिकारी मतों की घोषणा नहीं कर रहे हैं।
पुलिस प्रशासन द्वारा जबरन गाड़ियों में मतपेटियां रखवाई गई तो अश्विनी का परिवार गाड़ी के सामने लेट गया और गाड़ी नहीं जाने देने की जिद पर अड़ गया, जिसके बाद पुलिस प्रशासन बैकफुट पर आ गया। हालांकि महिला पुलिस ने महिलाओं को गाड़ी के सामने से हटाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं हटी। खंड विकास अधिकारी ने कहा कि जिन लोगों ने उनके साथ अभद्रता की है उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
धांधली का आरोप लगा किया हंगामा
सरधना। संत चार्ल्स इंटर कॉलेज में बने मतगणना केंद्र में अकलपुरा के ग्रामीणों ने बीडीसी सदस्य की मतगणना में धांधली का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। वहीं, नगला आर्डर के प्रधान पद के प्रत्याशी सीताराम ने मतगणना में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मामले की शिकायत चुनाव अधिकारी से की। इस दौरान पुलिस के साथ बहस भी हुई।