प्रदीप और पूनम की शादी एलबम का कवर। प्रदीप की मां ऊषा।
- फोटो : अमर उजाला
बहसूमा थाना क्षेत्र के रामराज पुलिस चौकी क्षेत्र में बुधवार को प्रदीप धीमान ने सरेबाजार सुनील उर्फ सुरेंद्र उर्फ गाबा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि वह न केवल पत्नी पूनम को ले जाने का बदला लेना चाहता था बल्कि सुनील और पत्नी के वीडियो कॉल कर भद्दी टिप्पणी करने से आहत था। इसके चलते उसने सुनील और पत्नी को सबक सिखाने की ठान ली और सरेबाजार हत्या की साजिश रची। पुलिस ने आरोपी प्रदीप धीमान को बृहस्पतिवार को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
मृतक सुनील की फाइल फोटो
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पुलिस ने बताया कि मूलरूप से हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के मानपुर गांव निवासी सुनील उर्फ सुरेंद्र उर्फ गाबा (28) रामराज पुलिस चौकी क्षेत्र के मोहल्ला ढलानवाला में रहकर खेतीबाड़ी करता था। सुनील डेढ़ साल से फलावदा थाना क्षेत्र के सनौता गांव निवासी प्रदीप धीमान की पत्नी के साथ रह रहा था। इसके बाद से लोग प्रदीप पर टिप्पणी करने लगे थे।
प्रदीप की मां ऊषा देवी ने बताया कि सुनील और पूनम रात को वीडियो कॉल करते थे। वह प्रदीप को वीडियो कॉल कर अभद्र टिप्पणी करते थे। पुलिस ने बताया कि इसके बाद से वह सुनील और पूनम की हत्या की साजिश रचने लगा था। बुधवार दोपहर करीब 1:34 बजे प्रदीप धीमान रामराज चौकी क्षेत्र में तीन तमंचे लेकर पहुंचा। यहां बाइक पर जा रहे सुनील की आरोपी ने तीन गोली मारकर हत्या कर दी। गोलियां मारने के बाद आरोपी ने दोनों हाथों में तमंचे लेकर चिल्लाते हुए कहा कि किसी माई के लाल में दम हो तो सामने आओ। वह लगभग तीन मिनट तक वारदात स्थल पर खड़ा रहा, फिर भाग गया।
हत्या के बाद घर पहुंचा, गडीना में पी शराब
आरोपी प्रदीप धीमान ने एक गोली सुनील के कमर में मारी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद दूसरे तमंचे से दूसरी गोली उसके सिर में मारी। फिर तीसरा तमंचा वह बाइक से निकालकर लाया और सुनील के कमर में मारी। यह पूरी घटना सीसीटीवी फुटेज में दिख रही है। इस वारदात के बाद आरोपी अपनी बाइक से मुजफ्फरनगर की ओर भागा। बाइक चलाते समय ही आरोपी ने मोबाइल पर 4 मिनट का वीडियो बनाया। इस वीडियो में आरोपी थानेदार, दरोगा को जान से मारने की धमकी दे रहा है। इसके अलावा आरोपी ने कहा कि अगर कोई महिला धोखा दे तो मुझे फोन करो, मैं घर से बेदखल हूं। मैं मारूंगा उसे। आरोपी अपने घर पहुंचा और भाई परविंदर को पत्र सौंपा। इसमें लिखा था कि वारदात में मेरे परिवार का कोई लेना देना नहीं है।
चार थानों के 150 पुलिसकर्मियों को रात भर छकाया
हत्या के बाद प्रदीप गडीना चला गया और यहां जंगल में छिप गया। चार थानों बहसूमा, फलावदा, इंचौली और हस्तिनापुर पुलिस वहां पहुंची। आरोपी ने रात भर 150 पुलिसकर्मियों को छकाया। वह रात भर इधर-उधर भागता रहा। बृहस्पतिवार सुबह पुलिस ने उसे देख लिया। इसके बाद पुलिस को उसे गिरफ्तार करने में डेढ़ घंटे लगे। इस दौरान का भी वीडियो वायरल हुआ है।
पत्नी बोली- पहले में गर्भ में पल रहे बेटे को मारा, अब दूसरे पति की हत्या की
सुनील के घर रह रही प्रदीप धीमान की पत्नी पूनम ने बताया कि वह अपनी बुआ के घर जाती थी। तभी से वह सुनील को जानती थी। करीब दो साल पहले में उनमें निकटता हो गई थी। पूनम ने आरोप लगाया कि प्रदीप सट्टा खेलता था, शराब पीकर मुझे मारता था। वह सनकी था। प्रदीप को सुनील से निकटता का पता चला तो वह और अधिक मारपीट करने लगा। परेशान होकर उसने नहर में डूबकर मरने की कोशिश की लेकिन सुनील ने बचा लिया।
एक दिन प्रदीप ने लिखित में दिया कि वह उसे छोड़ रहा है, दोबारा उसके घर की दहलीज पर कदम रखने की जरूरत नहीं है। इसके बाद वह सुनील के पास चली गई। प्रदीप ने दो बेटियों को भी अपने पास रख लिया। हालांकि कानूनी रूप से उनका तलाक नहीं हुआ। सुनील से उसने 2024 में कोर्ट मैरिज कर ली थी। छह माह पहले प्रदीप धीमान ने सुनील के घर आकर फायरिंग की थी। उस दौरान वह आठ माह की गर्भवती थी। फायरिंग के दौरान गर्भ गिरने से बेटे की मौत हो गई थी। इसका जिम्मेदार भी प्रदीप है।
भाई के नाम कर दी जमीन, एक सप्ताह पहले लौटा
प्रदीप धीमान तीन भाई हैं। तीनों भाइयों की 25 बीघा जमीन थी। प्रदीप ने अपने हिस्से की जमीन भाई परविंदर के नाम कर दी थी। इसके बाद ही वह हत्या की साजिश रचने लगा था। उसने उसी दौरान तीन तमंचे खरीदे थे। इसके बाद वह मेरठ से बाहर चला गया था और एक सप्ताह पहले लौटा था। वायरल वीडियो में वह एक-दो लोगों पर तमंचा दिलाने व बेचने का आरोप लगा रहा है। एसपी देहात का कहना है कि वह सुनील के दोस्त हैं। प्रदीप उन्हें फंसाने के लिए उनके नाम ले रहा है। तमंचे किससे खरीदे, इसकी जंच की जा रही है।
मासूम बेटियों को पहले मां ने छोड़ा, अब पिता जेल गया
प्रदीप और उसके भाई परविंदर की 7 जुलाई 2017 को सैफपुर कर्मचंदपुर निवासी दो बहनों पूनम और रूबी से शादी हुई थी। रूबी का कहना है कि प्रदीप डेढ़ साल पहले मुजफ्फरनगर काम करने गया था। पूनम इसी दौरान सुनील के साथ चली गई। मगर कुछ समय बाद वह लौट आई और प्रदीप उसे मुजफ्फरनगर अपने साथ ले गया। इसके एक महीने बाद वह फिर से सुनील के पास चली गई। पूनम दो बेटियों को छोड़कर गई थी।
ये बोले एसपी
प्रदीप धीमान के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की गई है। उसकी पत्नी ने गर्भ गिराने का आरोप लगाया है। इस मामले में जांच की जा रही है। उस दौरान कोई प्राथमिकी दर्ज की गई थी या नहीं। जांच और साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
- अभिजीत कुमार, एसपी देहात