मुंबई में भेंट करके राष्ट्रीय परशुराम परिषद की ओर से सम्मानित किया
संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। श्रम कल्याण बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष सुनील भराला ने शुक्रवार को मुंबई में गायिका अनुराधा पौडवाल से आत्मीय भेंट कर उनका सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय परशुराम परिषद की ओर से समाज एवं सनातन संस्कृति के संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी दी।
भराला ने कहा कि अनुराधा पौडवाल एक महान गायिका ही नहीं, बल्कि करोड़ों सनातनियों की आस्था और आध्यात्मिक चेतना की स्वर धारा हैं। उनके भजनों और देवी-देवताओं की स्तुतियों ने देश के हर घर में भक्ति का दीप जलाया है। उन्होंने कहा कि अनुराधा पौडवाल ने अपनी मधुर वाणी से भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया है, जो सदैव अविस्मरणीय रहेगा। राष्ट्रीय परशुराम परिषद की ओर से अनुराधा पौडवाल को भगवान श्री परशुराम की प्रतिमा एवं श्री परशुराम चालीसा भेंट कर सम्मानित किया गया। सुनील भराला ने भगवान श्री परशुराम से प्रार्थना करते हुए कहा कि अनुराधा पौडवाल का दिव्य स्वर सदैव भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म की अलख जगाता रहे।