यशराज फिल्मस के बैनर तले बनने वाली सलमान खान की फिल्म सुल्तान की शूटिंग के लिए टेकिभनकल टीम रविवार देर रात मेरठ पहुंची। मेरठ में पूरी टीम होटल ओसम बेगमपुल में ठहरी हुई है। रविवार को टीम के 45 लोग होटल में पहुंचे। सोमवार सुबह टीम के अन्य 45 सदस्य भी मेरठ आ जाएंगे। कुल 90 लोगों की टीम मेरठ में एक सप्ताह तक रहेगी।
मूवी की शूटिंग जल्द ही मुजफ्फरनगर के मोरना में शुरू हो रही है। फिल्म की शूटिंग को लेकर तैयारियां जोरों पर शुरू हो गई हैं। मोरना में फिल्म का सेट तैयार करने और तकनीकी सेटअप लगाने के लिए टीम मेरठ आई है। टीम सोमवार से मोरना में अपना काम शुरू करेगी। मुंबई से आई पूरी टीम 22 अप्रैल तक होटल ओसम बेगमपुल में रहेंगे। 23 अप्रैल को टीम मुंबई वापस जाएगी। सलमान खान 20 अप्रैल को मोरना पहुंचेंगे और 22 अप्रैल तक शूटिंग करेंगे। बताया जा रहा है कि चार्टर्ड विमान से उनका आना जाना रहेगा।
रविवार को मूवी की पूरी यूनिट बाराखंभा रोड दिल्ली में शूटिंग करके मेरठ पहुंची। टीम में तकनीकी स्टाफ, कारपेंटर, सेट डिजाइनर, ड्रेस डिजाइनर, सहित अन्य शामिल हैं। सदस्यों में अधिकतर मुंबई, दिल्ली और साउथ इंडिया के क्षेत्राें से है। यशराज फिल्मस के बैनर तले बनने वाली इस फिल्म के डायरेक्टर अली अब्बास जफर, प्रोड्यूसर आदित्य चोपड़ा हैं। ये शूटिंग के लिए एक दिन पहले मोरना आएंगे।
मोरना में अखाड़ा बनेगा, सल्लू कुश्ती करेंगे
टीम के सदस्यों ने बताया कि फिल्म की शूटिंग के लिए मोरना में अखाड़ा बनेगा। इस अखाड़े में सल्लू मियां पहलवान के रूप में कुश्ती करेंगे। इस मूवी में मुजफ्फरनगर का जिक्र आया है। इसके अलावा जिन शहरों को मूवी के लिए जरूरी माना गया है। वहां शूटिंग के प्रयास किए गए हैं।