दौराला - सकौती समिति में सट्टा सर्वे में पहुंचे किसान। स्रोत : स्वयं
दौराला। आईपीएल शुगर चीनी मिल सकौती टांडा और सहकारी गन्ना विकास समिति की ओर से सोमवार से संयुक्त रूप से गन्ना सर्वे प्रदर्शन अभियान की शुरुआत कर दी गई। अभियान 20 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक संचालित होगा। इस दौरान किसान अपने गन्ना सर्वे का विवरण देखकर किसी भी त्रुटि का समय रहते संशोधन करा सकेंगे।
चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक संदीप पंवार ने बताया कि आगामी पेराई सत्र 2026-27 से किसानों के गन्ना मूल्य का भुगतान जिला सहकारी बैंक के माध्यम से किया जाएगा। किसानों से अपील की गई है कि वह जल्द-से-जल्द जिला सहकारी बैंक में अपना खाता खुलवा लें, ताकि भुगतान में किसी प्रकार की असुविधा न हो। ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक सुधीर कुमार और गन्ना विभागाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने किसानों से कहा कि सर्वे प्रदर्शन के दौरान स्वयं उपस्थित होकर अपने गन्ना रकबे और अन्य विवरणों का मिलान अवश्य करें। त्रुटि मिले तो उसका तत्काल संशोधन करा लें, जिससे भविष्य में गन्ना पर्ची जारी होने और भुगतान संबंधी कोई समस्या न आए।