बागपत। दाम बढ़ने पर चीनी की कालाबाजारी को लेकर अफसर अलर्ट हो गए हैं। शनिवार को कालाबाजारी रोकने के लिए शहर के दो गोदामों पर छापा मारा गया। जांच में गोदाम की क्षमता से कम स्टॉक मिला। इसके बाद एसडीएम दिग्विजय सिंह ने गोदाम संचालकों को नोटिस जारी किया, जिसमें गोदाम में आने वाली चीनी के स्टॉक का सत्यापन कराने के आदेश दिए। साथ ही चीनी की कालाबाजारी करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
पिछले कुछ दिनों में चीनी के दाम 14 रुपये किलो से ज्यादा बढ़ गए हैं, जो 60 रुपये किलो के पार पहुंच गए हैं। चीनी के दाम बढ़ने पर केंद्र सरकार ने अफसरों को गोदामों की जांच कराकर कालाबाजारी रोकने के आदेश जारी किए। इसके चलते शनिवार को एसडीएम दिग्विजय सिंह, सीओ सुकन्या शर्मा अन्य अफसरों के साथ शहर में यमुना रोड पर व्यापारी अर्पित के चीनी के गोदाम पर छापामारी करने पहुंचे। जांच में गोदाम की क्षमता चार हजार क्विंटल मिली, जहां 375 क्विंटल चीनी का स्टॉक मिला। दूसरे गोदाम में साढ़े 11 क्विंटल चीनी मिली। दोनों गोदामों में क्षमता से कम चीनी मिली और वहां कालाबाजारी जैसी स्थिति भी नहीं मिली। एसडीएम ने बताया कि दोनों गोदाम संचालकों को नोटिस जारी कर एक सप्ताह में पोर्टल पर सूचना अपडेट करने और स्टॉक मंगवाने पर सत्यापन कराने के आदेश दिए गए।