मेरठ। मंडल में गन्ना विभाग 25 अक्तूबर तक मिलें चलवाने का वादा पूरा नहीं कर सका है। अधिकारी गन्ना सुरक्षण की गुणा-भाग में व्यस्त हैं। लखनऊ स्थित गन्ना भवन में उप गन्ना आयुक्त और जिला गन्ना अधिकारी अपनी मिलों को आवंटित होने वाले गन्ने और सेंटरों की रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं।
अब तक एकमात्र सिंभावली चीनी मिल ने गन्ना इंडेंट जारी किया है। मिल 28 अक्तूबर से शुरू होगी, वहीं, मेरठ जनपद की किनौनी शुगर मिल एक नवंबर एवं दौराला मिल दो नवंबर से पेराई शुरू करने जा रही हैं। मोहिउद्दीनपुर मिल का पेराई सत्र पांच नवंबर से शुरू हो सकता है।
मंडल की सभी 16 चीन मिलों ने 31 अक्तूबर तक पेराई सत्र 2020-2021 शुरू करने की संभावित तिथि गन्ना विभाग को मुहैया कराई थी। विभाग ने किसानों को राहत देने के लिए मिलें 25 अक्तूबर तक चलाने के लिए कहा था। रविवार तक मिलें चालू नहीं हो सकी हैं। हालांकि अधिकतर चीनी मिलों ने 85 से 90 फीसदी कांटे स्थापित कर लिए हैं। मिल स्टाफ को काम पर बुलाने के साथ ही तौल लिपिकों को ड्यूटी के लिए तैयार रहने के लिए कह दिया है।