सरधना/रोहटा। भारतीय किसान यूनियन ने जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को सरूरपुर और रसूलपुर मढ़ी गांव में किनौनी मिल द्वारा बकाया गन्ना भुगतान नहीं किए जाने को लेकर बैठक की। वहीं, नए सत्र में भुगतान की स्थिति व मिल के गन्ना क्रय केंद्र न कटने के विरोध में पंचायत का आयोजन किया।
बैठक में किसानों और भाकियू कार्यकर्ताओं ने सर्वसम्मति से स्थानीय प्रशासन को बुलावा बैठक में आने का बुलावा भेजा। गांव सरूरपुर में उप जिलाधिकारी पंकज प्रकाश राठौर, जिला गन्ना अधिकारी डॉ. दुष्यंत कुमार, थानाध्यक्ष देवसिंह रावत, दौराला गन्ना समिति के सचिव, किनौनी के यूनिट हेड केपी सिंह, जीएम जयवीर सिंह किसानों के बीच पहुंचे। किसानों ने सभी से दिवाली तक गन्ना बकाया भुगतान कराने एवं नए सत्र में भुगतान की स्थिति अन्य मिलों की तरह करवाने की बात कही।
भाकियू के जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी व कार्यकर्ताओं की मध्यस्थता पर किसानों ने गन्ना क्रय केंद्र लगवाने की हामी भरी। लेकिन भुगतान समय से नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इसके बाद किसान मेरठ तहसील के गांव रसूलपुर मढ़ी में पहुंचे और किसान पंचायत का आयोजन किया। ग्राम मढ़ी में उप जिलाधिकारी मेरठ गामिनी सिंगला, गन्ना अधिकारी डॉ. दुष्यंत कुमार, नायब तहसीलदार, थाना अध्यक्ष रोहटा व समिति के सचिव आदि अधिकारियों ने किसानों एवं कार्यकर्ताओं को जल्द भुगतान व भुगतान की स्थिति सुधारने का आश्वासन देकर सभी को मनाया। सभी ने भुगतान सही समय पर नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने कहा कि भाकियू किसानों के हर निर्णय में उनके साथ है। इस दौरान हर्ष चहल, जगबीर सिंह, मान सिंह आर्य, एनसीआर उपाध्यक्ष विनेश छुर, विनोद, वीरेंद्र, ब्रह्मजीत, मनोज, राजू, ऋषिपाल, योगेंद्र, मोनू टिकरी, सोनू, बबलू, मदन सरुरपुर आदि रहे।