- सीसीएसयू में भड़के विद्यार्थियों पुलिस को बुलाया, पुराने पैटर्न पर परीक्षा की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
मेेरठ। सीसीएसयू की वार्षिक परीक्षा के दौरान एमए प्राइवेट गणित द्वितीय के विद्यार्थियों ने अचानक बदले गए परीक्षा पैटर्न का जमकर विरोध किया। बिना पूर्व सूचना के थ्योरी वाला पेपर आने पर छात्र भड़क गए और उन्होंने कहा कि पुराने पैटर्न पर ही परीक्षा होनी चाहिए। हंगामे के दौरान ही विद्यार्थियों ने पुलिस बुला ली। इससे परीक्षा केंद्र में अफरातफरी मच गई।
मंगलवार को डीएन कॉलेज परीक्षा केंद्र पर एमए प्राइवेट गणित द्वितीय वर्ष के कोड जी-451 (वेवलेट्स) का पेपर होना था मगर उसमें परीक्षा पैटर्न बदलने की वजह से हंगामा हो गया। छात्रों ने बताया कि परीक्षा शुरू होते ही जब उन्हें नया पैटर्न वाला थ्योरी पेपर दिया गया तो वे हैरान रह गए। विवि की ओर से न तो इस बदलाव की आधिकारिक सूचना वेबसाइट पर अपलोड की गई और न ही अन्य माध्यम से जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों ने पेपर लेने से मना कर दिया और विवि प्रशासन की लापरवाही पर रोष जताया। छात्रों ने तर्क दिया कि बिना पूर्व सूचना के नियम थोपना उनके अधिकारों का हनन है। छात्र नेता विनीत चपराना, अनिरुद्ध चौधरी, विपुल कुमार सहित अन्य ने पुलिस को बुला लिया। पुलिस के पहुंचने के बाद काफी देर तक परीक्षा केंद्र में अफरातफरी का माहौल बना रहा। पुलिसकर्मियों ने छात्रों को समझाने की कोशिश की। फिर परीक्षा नियंत्रक से संपर्क किया गया और उनके सामने समस्या रखी गई।
उन्होंने कहा कि जब नियम बदलने की सूचना वेबसाइट तक पर नहीं दी गई तो छात्रों को इसका पता कैसे चलेगा। ऐसा करना छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ है। उन्होंने मांग की कि पुराने पैटर्न के अनुसार ही परीक्षा कराई जाए। अभी तक विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।