मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ बिजनेस स्टडीज (आईबीएस) में शुक्रवार को अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लेफ्टिनेंट कर्नल (सेवानिवृत्त) सुभाष देशवाल मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने छात्र-छात्राओं को सफलता के मंत्र दिए।
कर्नल सुभाष देशवाल ने कहा, सफलता पाने के लिए सबसे जरूरी है कि आप भरोसेमंद बने रहें। अपने से किए वादे पर कायम रहें और उसे पूरा करने के लिए पूरी मेहनत करें। रास्ते में कठिनाइयां आएंगी, लेकिन हिम्मत नहीं हारनी चाहिए। उन्होंने अपनी यात्रा साझा करते हुए बताया कि भारतीय सेना में लगभग 20 वर्षों की सेवा के बाद उन्होंने कृषि क्षेत्र में कदम रखा। शुरुआती संघर्षों के बावजूद नवाचार और दृढ़ इच्छाशक्ति से उन्होंने 100 करोड़ रुपये से अधिक का सफल कृषि व्यवसाय खड़ा किया। उन्होंने बताया कि उनके प्रयासों से पहली बार शीतित (टेम्परेचर कंट्रोल्ड) गाजरों को सड़क मार्ग से मुंबई तक सफलता पूर्वक पहुंचाया गया, जिसने कृषि लॉजिस्टिक्स में नई संभावनाएं खोलीं।
उन्होंने कहा व्यवसाय में सफलता के लिए गुणवत्ता, मात्रा और प्रतिबद्धता का संतुलन जरूरी है। छोटे स्तर से शुरुआत करें, धैर्य रखें और विचारों को क्रियान्वित करें। जीवन ऐसा जिएं कि पहचान बन जाए। केवल योजना नहीं, एक्शन ही आपको आगे बढ़ाता है।
संस्थान के निदेशक प्रो. अतवीर सिंह ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे व्याख्यान छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान के साथ-साथ वास्तविक जीवन की चुनौतियों से लड़ने की मानसिक तैयारी भी देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि जीवन में लक्ष्य निर्धारित करें और उसे हासिल करने के लिए निरंतर परिश्रम, अनुशासन और समर्पण करें।