सीसीएसयू का एलएलबी फाइनल ईयर का पेपर सोमवार को शाम की पाली की जगह एक सेंटर पर सुबह ही खुल गया। इसके बाद विवि ने फौरन पेपर स्थगित कर दिया। सभी परीक्षा केंद्रों को सूचित किया गया। केंद्र अधीक्षक और कक्ष निरीक्षकों तक तो सूचना समय रहते पहुंच गई, लेकिन छात्रों को निराश होना पड़ा। विवि ने पेपर की अगली तिथि चार फरवरी तय की है।
फिलहाल सीसीएसयू की दिसंबर 2016 सेमेस्टर और प्रोफेशनल कोर्सेज की परीक्षा चल रही हैं। सोमवार दोपहर दो से शाम पांच बजे तक की पाली में एलएलबी पांचवें सेमेस्टर का सिविल प्रोसीजर कोड एंड लिमिटेशन एक्ट (पेपर कोड 50001) का पेपर था। यह पेपर एसएसवी कॉलेज हापुड़ सेंटर पर सुबह की ही पाली में 10 बजे खुल गया। जबकि परीक्षार्थी कोई नहीं पहुंचा था। सेंटर को गलती का एहसास हुआ तो विवि को सूचना दी गई। इस पर विवि ने फौरन पेपर को स्थगित कर दिया। केंद्र अधीक्षकों को इस बारे में सूचित किया गया। छात्रों को समय से इसकी सूचना नहीं मिली। वह निर्धारित समय पर सेंटरों पर पहुंचे और नोटिस देखकर लौट गए। विवि के सहायक प्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रशांत कुमार के मुताबिक यह पेपर अब चार फरवरी को दोपहर दो से शाम पांच बजे की पाली में होगा। विवि की वेबसाइट पर सर्कुलर अपलोड कर दिया है।
मामले में बैठ सकती है जांच
पेपर स्थगित होने से करीब छह हजार छात्र प्रभावित हुए हैं। मेरठ और सहारनपुर मंडल में एलएलबी की परीक्षा चल रही है। फाइनल ईयर में करीब छह हजार छात्र-छात्राएं हैं। मेरठ और सहारनपुर मंडल में 80 से अधिक कॉलेजों में एलएलबी, बीए एलएलबी और एलएलएम की पढ़ाई होती है। पेपर स्थगित होने से विवि को आर्थिक चपत लगी है। मामले में जांच बैठ सकती है।
परीक्षा ड्यूटी में लापरवाही
विवि की परीक्षा ड्यूटी में लापरवाही की शिकायतें कई जगहों से मिल रही हैं। ट्यूटर और सेल्फ फाइनेंस शिक्षकों की ड्यूटी अधिक लगाई जाती है। सीनियर टीचर की ड्यूटी नहीं लग रही। हाल में मेरठ के एक सेंटर पर भी एमकॉम का पेपर खुल गया था। जबकि उस पाली में पेपर नहीं था।