मुफ्त खाना देने के लिए धमका रहा दरोगा
परीक्षितगढ़। थाने का एक दरोगा तीन दिन से नगर के नूनोज रेस्टोरेंट पर फ्री खाना देने का दबाव बना रहा है। वहीं, खाना नहीं देने पर रेस्टोरेंट को बंद कराने की धमकी दे रहा है। इस पर रेस्टोरेंट मालिक ने संयुक्त व्यापार संघ से शिकायत की। इस पर व्यापारियों ने थाने पहुंचकर हंगामा किया आरोपी दरोगा को हटाने की मांग की। वहीं, थानाध्यक्ष ने जांचकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उधर, व्यापार संघ एवं रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने शांति समिति की बैठक का बहिष्कार कर दिया।
नगर के मेरठ रोड स्थित नूनोज रेस्टोरेंट के मालिक राजन कर्णवाल ने आरोप लगाया कि थाने में तैनात एक एसआई तीन दिन से रात को रेस्टोरेंट पर पहुंचकर फ्री खाना देने का दबाव बना रहा है। इतना ही नहीं उसे झुठे मुकदमें में फंसाने तथा रेस्टोरेंट बंद करा देने की धमकी दे रहा है। इसका विरोध करने पर एसआई मारपीट पर उतारू हो जाता है। शनिवार को रेस्टोरेंट मालिक राजन कर्णवाल ने संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष सुधीर गर्ग से इसकी शिकायत की। इस पर अध्यक्ष सुधीर गर्ग, महामंत्री गौरव गर्ग, कोषाध्यक्ष सचिन अग्रवाल, मदन गुजर, पंकज मित्तल, संजीव गुर्जर, आशुतोष बंसल, अनुभव गर्ग, रोहित बंसल, मनोज प्रजापति, गुड्डू प्रजापति, रणपाल गुर्जर, नागेश शर्मा व्यापारी थाने पहुंचे और हंगामा किया। उन्होंने आरोपी एसआई को हटाने की मांग की। वहीं, थानाध्यक्ष ने व्यापारियों को शांत करते हुए जांच के बाद कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। वहीं, दूसरी ओर व्यापारियों एवं रामलीला कमेटी के सदस्यों ने शांति समिति की बैठक का बहिष्कार करने का निर्णय किया। पीड़ित व्यापारी राजन कर्णवाल ने बताया कि एसआई का कहना है कि जिस थाने में तैनात रहते हैं। वहां के बडे़-बडे़ रेस्टोरेंट मालिक थाने में फ्री खाना पहुंचाते हैं। यदि तूने ऐसा नहीं किया तो रेस्टोरेंट बंद करा दिया जाएगा। वहीं, इस संबंध में थानाध्यक्ष कैलाशचंद गौतम ने बताया कि व्यापारियों ने थाने में तैनात एक एसआई की शिकायत की है। मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद उच्च अधिकारियों को अवगत कराकर कार्रवाई की जाएगी। उधर, व्यापार संघ के अध्यक्ष सुधीर गर्ग ने कहा कि व्यापारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।