मवाना। गांव कूड़ी कमालपुर में सरकारी स्कूल के परिसर में शादी समारोह का आयोजन किया गया। ऐसे में बच्चों की पढ़ाई पर असर हुआ। हालांकि किसी भी अधिकारी ने इस ओर ध्यान देना गवारा नहीं किया।
प्रदेश सरकार स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता को सुधारने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। जिससे इन स्कूलों के प्रति अभिभावकों में आकर्षण बढे़। हालांकि निचले स्तर पर लापरवाही बरते जाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाती है। सरकारी स्कूलों के परिसर में किसी प्रकार के आयोजन प्रतिबंधित हैं।
गांव कूड़ी कमालपुर में प्राइमरी एवं जूनियर हाईस्कूल एक ही परिसर में हैं। यहां प्राइमरी में 89 बच्चे हैं, वहीं जूनियर हाईस्कूल में 58 बच्चे शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। आज गांव में आई बारात के भोजन आदि की व्यवस्था स्कूल परिसर में की गई थी। ऐसे में किस प्रकार स्कूल के बच्चों ने पढ़ाई की होगी। इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। इस संबंध में स्कूल के प्रधानाध्यापक सुशील कुमार का कहना है कि ग्रामीणों ने एसडीएम का अनुमति पत्र दिखाया था। वहीं, उनका कहना था कि बच्चे पूरे समय स्कूल में उपस्थित रहे।
इस संबंध में एसडीएम अंकुर श्रीवास्तव का कहना है कि वे स्कूल में आयोजन के लिए सीधे अनुमति नहीं दे सकते हैं। यदि आदेश किया होगा तो एबीएसए के लिए किया होगा।