शामली। जिले में यूपी बोर्ड समेत सभी बोर्ड का 12वीं का रिजल्ट घोषित होने के बाद अब डिग्री काॅलेजों में दाखिले के लिए मशक्कत करनी पड़ेगी। इसकी वजह ये है कि जिले में लगभग 14 हजार विद्यार्थी 12वीं में उत्तीर्ण हुए और दो राजकीय समेत चार डिग्री कॉलेज हैं, जिनमें लगभग 2250 सीटें हैं। विश्वविद्यालय स्तर से मेरिट सूची जारी होगी। उसी के आधार पर विद्यार्थियाें का दाखिला होगा। फिलहाल कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष में दाखिला लेने के लिए विद्यार्थियों के पंजीकरण चल रहे हैं।
पिछले महीने 20 अप्रैल को यूपी बोर्ड का रिजल्ट जारी हुआ था। दो दिन पहले सोमवार को सीबीएसई ने रिजल्ट घोषित कर दिया। इससे पहले आईसीएसई भी अपना रिजल्ट जारी कर चुका है। तीनों बोर्ड का रिजल्ट जारी होने के बाद 12वीं में लगभग 14 हजार विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। जिले में राजकीय कॉलेजों की बात की जाए तो कैराना में विजय सिंह पथिक महाविद्यालय और कांधला में राजकीय महिला महाविद्यालय है। इनके अलावा वित्तीय सहायता प्राप्त दो कॉलेज शामली में आरके पीजी कॉलेज और वीवी पीजी कॉलेज हैं। आरके पीजी कॉलेज में विज्ञान, कृषि संकाय है और वित्तविहीन कॉमर्स संकाय उपलब्ध है। वीवी पीजी कॉलेज में कला संकाय है।
इन चारों कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष में दाखिले के लिए करीब 2250 सीटें है। सीटें कम और उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों की संख्या ज्यादा होने के कारण दाखिले के लिए विद्यार्थियों को दौड़ भाग करनी पड़ेगी। फिलहाल एक सप्ताह से कॉलेजों में दाखिले के लिए रजिस्ट्रेशन चल रहे हैं। रजिस्ट्रेशन होने के बाद मां शाकंभरी विश्वविद्यालय सहारनपुर से डिग्री कॉलेजों की मेरिट सूची जारी होगी। मेरिट के आधार पर निर्धारित सीटों पर विद्यार्थियों को दाखिला मिलेगा। इन कॉलेजों में दाखिला न मिलने पर विद्यार्थियों को प्राइवेट कॉलेजों में महंगी फीस देकर दाखिला लेना होगा।
वीवी पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. सुधीर कुमार ने बताया स्नातक प्रथम वर्ष में दाखिले के लिए पंजीकरण किए जा रहे हैं। बाद में विश्वविद्यालय स्तर से मेरिट जारी होगी। मेरिट के आधार पर कॉलेज में विद्यार्थियों के दाखिले होंगे।