75 फीसदी उपस्थिति पर ही परीक्षा फार्म भर पाएंगे छात्र
मेरठ। डिग्री कॉलेजों में छात्र-छात्राओं का क्लास बंक करना अब मुसीबत बनेगा। 75 फीसदी उपस्थिति पर ही छात्र परीक्षा फार्म भर सकेंगे। इस संबंध में कॉलेजों को निर्देश जारी किए जा रहे हैं।
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से संबद्घ मेरठ और सहारनपुर मंडल के नौ जिलों में 68 एडेड और राजकीय कॉलेज है। शासन ने छात्र-छात्राओं की 75 फीसदी उपस्थिति को अनिवार्य कर दिया है। अब जिन छात्रों की 75 फीसदी उपस्थिति नहीं होगी उसे परीक्षा फार्म भरने से भी वंचित कर दिया जाएगा। परीक्षा फार्म में छात्र-छात्राओं को हाजिरी का रिकॉर्ड भी देना होगा। कॉलेजों से इसका पूरा डाटा मांगा जाएगा। जो कॉलेज डाटा नहीं दे पाएंगे उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। क्षेत्रीय उच्च शिक्षाधिकारी डॉ. राजीव कुमार गुप्ता ने इस निर्णय को लेकर कुलपति प्रो. एनके तनेजा से भी बात की है। कुलपति ने स्पष्ट कर दिया है कि सभी कॉलेजों को 75 फीसदी हाजिरी को लेकर पहले से ही सख्ती करने के निर्देश हैं। जो लापरवाही करेंगे वह खुद जिम्मेदार होंगे। सभी कॉलेजों को छात्र-छात्राओं की उपस्थिति का डाटा सुरक्षित करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। कहीं पर फर्जीवाड़ा पाया गया तो वहां के प्राचार्य की जिम्मेदारी होगी।
नहीं भर सकेंगे परीक्षा फार्म
75 फीसदी हाजिरी को लेकर शासन की ओर से दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जो छात्र-छात्राएं हाजिरी का रिकॉर्ड नहीं दे पाएंगे उनके परीक्षा फार्म नहीं भरे जा सकते हैं। कम हाजिरी वाले छात्र-छात्राओं को परीक्षा में शामिल नहीं किया जाएगा। - डॉ. राजीव कुमार गुप्ता, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी