संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। अनुसूचित जाति की बीए की छात्रा के हत्याकांड को लेकर बुधवार को मेरठ में हुए धरना-प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा बल प्रयोग के बाद बृहस्पतिवार को थाना रोहटा क्षेत्र के छात्रा के गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पूरे गांव में भारी पुलिस बल तैनात रहा और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई।
बताया गया कि विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों की ओर से सोशल मीडिया पर गांव पहुंचकर विरोध प्रदर्शन की घोषणा की गई थी। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया। बृहस्पतिवार सुबह से ही गांव के प्रमुख मार्गों पर पुलिस की निगरानी रही। आने-जाने वाले लोगों की जांच की गई और बाहरी व्यक्तियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई। सुरक्षा कारणों से गांव में प्रवेश को लेकर भी सख्ती बरती गई।
सीओ सरधना आशुतोष कुमार का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पूरे दिन गांव में पुलिस गश्त जारी रही और प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए रहा।