छात्र नेता बीएसए को ज्ञापन देते हुए। (स्त्रोत छात्र नेता) मवाना।
मवाना। तहसील रोड स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय से छात्रा के जाने के मामले में छात्र नेता अंकित अधाना ने बीएसए का घेराव करते हुए पत्र देकर निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के छात्र नेता विनीत चपराना, पूर्व महामंत्री छात्र संघ अंकित अधाना और नीरज नागर के नेतृत्व में छात्रों ने जिला बेसिक अधिकारी आशा चौधरी का घेराव किया। प्रदर्शनकारी छात्रों ने विद्यालय प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नाराजगी व्यक्त की और मामले की निष्पक्ष जांच के लिए समिति गठित करने और दोषियों, विशेषकर लापरवाही बरतने वाली वार्डन और शिक्षिकाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
अंकित अधाना ने बीएसए से कहा कि यदि छात्रा घर जाते समय भटक जाती तो किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी कौन लेता। बीएसए से इस पूरे मामले में तत्काल और सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
वहीं, प्राथमिक विद्यालय खोजपुर की जर्जर इमारत और वहां व्याप्त गंदगी का मुद्दा भी नीरज नागर द्वारा उठाया गया। बीएसए ने जल्द उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। छात्र नेता विनीत चपराना ने स्कूली वाहनों की फिटनेस पर भी सवाल पूछा। इस दौरान अरुण हुन, दीपांशु, युगम मलिक समेत अन्य छात्र मौजूद रहे।