संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के तकनीकी महाविद्यालय में मैटलैब आधारित लो.कोड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एआई वर्कफ्लो पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद आइडिया लैब और मेरठ इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में एग्रोटेक इनोवेशन हब में हुआ।
कार्यशाला का उद्देश्य छात्रों शोधार्थियों और शिक्षकों को एआई आधारित समाधान विकसित करने के लिए मैटलैब के लो.कोड टूल्स से परिचित कराना रहा। इसमें 30 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। पंजीकरण निशुल्क रखा गया था। विशेषज्ञ मोहिनी प्रीतम सिंह कोऑर्डिनेटर आइडिया लैब ने प्रतिभागियों को मैटलैब के जरिए सरल और प्रभावी एआई वर्कफ्लो तैयार करने के तरीके समझाए। उन्होंने बताया कि लो.कोड प्लेटफॉर्म की मदद से जटिल एआई मॉडल को भी आसानी से डिजाइन और लागू किया जा सकता है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय प्रशासन और आयोजन समिति ने कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त के प्रति आभार जताया। तकनीकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ जयवीर सिंह ने कहा कि इस तरह की कार्यशालाएं छात्रों और शिक्षकों के लिए उपयोगी साबित होती हैं, और उन्हें नई तकनीकों को समझने व अपनाने का अवसर देती हैं।