लाइब्रेरी विज्ञान में बढ़ रही छात्राओं की रुचि
मेरठ। बहुराष्ट्रीय कंपनियों के दफ्तरों में बढ़ती पुस्तकालयों की मांग ने इस क्षेत्र में युवाओं को रोजगार के नए अवसर दिए हैं। पिछले कुछ सालों में पुस्तकालय विज्ञान की पढ़ाई में छात्राओं की रुचि बढ़ी है।
शहर में कनोहर लाल महिला पीजी कॉलेज, इस्माईल नेशनल महिला पीजी कॉलेज में राजर्षि टंडन दूरस्थ शिक्षा केंद्र में लाइब्रेरी साइंस में डिग्री, डिप्लोमा दोनों ही पाठ्यक्रम संचालित हैं। दोनों ही कॉलेजों में कोर्स में सीटें फुल हो चुकी हैं। तकनीकी शिक्षण संस्थानों सहित वोकेशनल ट्रेनिंग देने वाले संस्थानों में भी लाइब्रेरी खुल रही हैं। बहुराष्ट्रीय कंपनियों के अलावा बड़े ब्रांड और कंपनियां अपने ऑफिस में लाइब्रेरी बनाती हैं। एक समृद्ध लाइब्रेरी में कंपनी लॉ व उद्यम संबंधी किताबें होती हैं। कुछ कंपनियां इसमें साहित्य और रोचक किताबें भी रखती हैं। कंपनियों में बढ़ते लाइब्रेरी के चलन के कारण इस क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर खुल रहे हैं।
जल्दी पढ़ाई फिर रोजगार
कनोहर लाल महिला पीजी कॉलेज में कोर्स की कोऑर्डिनेटर डॉ. राखी कहती हैं कि पिछले तीन सालों में लाइब्रेरी की शिक्षा के प्रति लोगों की रुचि बढ़ी है। हमारे यहां 171 सीटें हैं और सभी फुल रहती हैं।
लाइब्रेरियन अब है स्मार्ट काम
इस्माईल पीजी कॉलेज में राजर्षि टंडन दूरस्थ शिक्षा की कोआर्डिनेटर डॉ. रीना कहती हैं कि लाइब्रेरियन का मतलब अब किताबें निकालना, रखना नहीं बल्कि पूरी तरह स्मार्ट हो चुका है। कॉलेज से लेकर कंपनियों की लाइब्रेरी डिजिटल हैं।