पुवांरका/सहारनपुर। छात्रावासों पर बाहरी लोगों के कब्जे और प्रश्नपत्र में पाठ्यक्रम से बाहर से प्रश्न आने सहित कई समस्याओं को लेकर मंडल के तीनों जनपदों के छात्रों ने कुलपति कार्यालय में तीन घंटे तक धरना और प्रदर्शन किया। उन्होंने कुलपति का घेराव भी किया।
मुजफ्फरनगर और शामली के विद्यार्थी एक बस और छह कारों में सवार होकर शनिवार की दोपहर करीब 12:45 बजे विश्वविद्यालय परिसर पहुंचे, जिनका इंतजार पहले से सहारनपुर के छात्र कर रहे थे। विश्वविद्यालय के गेट से नारेबाजी करते हुए कुलपति कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने कुलपति के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरना दिया। आरके पीजी कॉलेज शामली के विद्यार्थियों ने कुलपति को बताया कि कॉलेज में शौचालय, यूरिनल और पेयजल की उचित व्यवस्था नहीं है। छात्रावास पर बाहरी लोगों का कब्जा है। वीवी पीजी कॉलेज शामली के विद्यार्थियों ने बताया कि कॉलेज परिसर में बाहरी लोगों की आवाजाही है।
छात्रावास में भी कब्जा है, जिससे विद्यार्थियों को परेशानी है। उधर, एसडी कॉलेज मुजफ्फरनगर के विद्यार्थियों ने बताया कि एमएससी गणित तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा के प्रश्नपत्र एडवांस न्यूमेरिकल एनाॅलिसिस में कुछ प्रश्न पाठ्यक्रम से बाहर के थे, जिनका छात्र उत्तर नहीं दे पाए। साथ ही खंड-स में एक ही इकाई से तीन प्रश्न पूछे गए। कुल 75 अंकों के प्रश्न पत्र में 31 अंकों के प्रश्नपत्र पाठ्यक्रम से बाहर के थे, जिनकी जांच कराई जाए। धरना देने वालों में सार्थक, विशु पूनिया, मनीष कॉलखंडे, अशीष पंवार, रितिका, अंजली, उदित, केशव, गर्वित, जोंटी, वंश, आकाश, विपुल जानिया, शिवानी, राहत अली, कपिल, अरुण, मीनू त्यागी, सृष्टि बालियान आदि शामिल रही।