गागलहेड़ी। फैक्टरी से ड्यूटी कर घर जा रहे साइकिल सवार मजदूर को देहरादून हाईवे पर गांव हरोड़ा के पास रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल मजदूर को जिला अस्पताल से गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
गागलहेड़ी थाने के गांव मांडेबास निवासी सोनू (35) पुत्र राजेंद्र शुक्रवार देर शाम साइकिल से अपने गांव लौट रहा था। हरोड़ा गांव के पास वह अपने गांव वाले रास्ते पर जाने के लिए सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे एंबुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय भेजा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई के लिए भेजा। हादसे के बाद चालक रोडवेज बस को लेकर मौके से भागने में सफल रहा। परिजनों ने रोडवेज बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। मृतक के एक बेटा, एक बेटी और पत्नी है। पुलिस ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बस चालक की तलाश की जा रही है।