खरखौदा। गांव फफूंडा स्थित एक निजी स्कूल में दो दिन पहले फफूंडा एवं पीपलीखेड़ा के दो छात्रों में मारपीट हो गई थी। इस पर गांव पीपलीखेड़ा निवासी छात्र शुक्रवार को रिवाल्वर लेकर स्कूल पहुंच गया तथा दूसरे छात्र को धमकी दी। पीड़ित छात्र ने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी। आरोप है कि प्रधानाचार्य ने रिवाल्वर अपने पास रख लिया तथा छात्र को वहां से भगा दिया। जिसमें परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने बाद में रिवाल्वर कब्जे में ली।
गांव फफूंड़ा निवासी श्रीनिवास पुत्र धर्मवीर के अनुसार गांव में एसआर पब्लिक स्कूल स्थित है। इसमें उसका बेटा रितिक एवं गांव पीपलीखेड़ा निवासी छात्रकक्षा दस में पढ़ते हैं। दो दिन पहले उसके बेटे एवं दूसरे छात्र में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। आरोप है कि शुक्रवार को पीपलीखेड़ा निवासी छात्र रिवाल्वर लेकर स्कूल पहुंचा। यहां दोनों में फिर मारपीट हो गई। जिसमें उक्त छात्र ने रिवाल्वर रितिक पर तान दी। इसकी जानकारी पाकर पहुंचे स्कूल संचालक एवं प्रधानाचार्य ने रिवाल्वर अपने पास रख ली। वहीं, रितिक से जानकारी पाकर उसके परिजन स्कूल पहुंच गए तथा प्रधानाचार्य से शिकायत की। आरोप है कि प्रधानाचार्य ने आरोपी छात्र को स्कूल से भगा दिया। इस मामले में श्रीनिवासी शिकायत लेकर थाने पहुंचा। इस पर पुलिस स्कूल पहुंची तथा रिवाल्वर कब्जे में ले ली।
प्रधानाचार्य से रिवाल्वर कब्जे में ली है। मामले की जांच की जा रही है। -मनीष बिष्ट, प्रभारी निरीक्षक थाना खरखौदा
शिकायत मिलने पर छात्र के बैग की तलाशी ली गई। उसमें रिवाल्वर मिली। वहीं, इसकी जानकारी पाकर उक्त छात्र बैग छोड़कर स्कूल से चला गया।-उपेंद्र कुमार, प्रधानाचार्य