मवाना। श्री हस्तिनापुर पिंजरापोल गोशाला में समय से गोबर का उठान नहीं होने तथा गदंगी के चलते गोवंश में बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है। इसका समाचार अमर उजाला ने प्रमुखता से शुक्रवार को प्रकाशित किया था। इसके बाद नगर पालिका व ब्लॅाक के अधिकारियों ने सफाईकर्मियों को भेजकर सफाई कराई।
बताते चलें कि हस्तिनापुर रोड स्थित श्री हस्तिनापुर पिंजरापोल में नगर पालिका, ब्लॉक, परीक्षितगढ़, बहसूमा व पुलिस द्वारा सड़कों पर घूम रहे गोवंश छोड़े गए थे। बृहस्पतिवार को अमर उजाला टीम ने गोशाला में गोवंश का हाल जाना। इस दौरान गोशाला में गंदगी पसरी मिली और गोवंश सूखा चारा खा रहे थे। जगह-जगह गोबर के ढेर लगे हुए थे। इस समाचार को अमर उजाला ने प्रमुखता से शुक्रवार को प्रकाशित किया। इस पर नगर पालिका व ब्लॉक अधिकारी हरकत में आए और उन्होंने सफाईकर्मी गोशाला में भेजकर सफाई कराई। नगर पालिका ने जेसीबी के माध्यम से गड्ढे खुदवाए और गोबर उनमें डाला। इसके अतिरिक्त गोशाला की सफाई कराई गई। वहीं, चिकित्सकों ने भी गोशाला पहुंचकर गोवंश का चेकअप किया। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी एसके सिंह ने बताया कि गोशाला में कर्मियों को भेजकर सफाई कराई थी। गोबर को गड्ढों में खाद के लिए डलवा दिया है। आगे भी इसी तरह की व्यवस्था जारी रहेगी।