मेरठ में सरधना नगर स्थित संत चार्ल्स इंटर कॉलेज में एक शिक्षक ने कुछ छात्रों का तिलक हटवा दिया। आरोप है कि शिक्षक ने छात्रों से अभद्रता भी की। मामला स्कूल प्रबंधन के पास पहुंचा तो प्रबंधन ने टोपी पहनने और तिलक लगाकर स्कूल आने पर रोक लगा दी। इससे अभिभावकों और छात्रों में आक्रोश है।
संत चार्ल्स इंटर कॉलेज में कई दिनों से कुछ छात्र तिलक लगाकर आ रहे थे। छात्रों का आरोप है कि एक शिक्षक ने उनका तिलक हटवा दिया और अभद्रता की। अगले दिन छात्रों ने अपनी कक्षा के सभी बच्चों को तिलक लगा दिया। मामला स्कूल प्रबंधन के पास पहुंचा।
इसके बाद प्रबंधन ने स्कूल में टोपी पहनने और तिलक लगाकर आने पर रोक लगा दी। वहीं बच्चों के अभिभावकों का कहना है कि मामला चार पांच दिन से चल रहा है। शिक्षक जानबूझकर छात्रों को परेशान कर रहे हैं।
इस संबंध में स्कूल के मीडिया प्रभारी एरौन से जानकारी की गई तो उन्होंने बताया कि तिलक लगाकर आने का मामला संज्ञान में है। स्कूल में सभी धर्मों के शिक्षक पढ़ाते हैं। शिक्षक द्वारा तिलक हटवाने का आरोप गलत है। स्कूल प्रबंधन ने सभी के लिए आदेश जारी किया है कि स्कूल में कोई भी छात्र न तो तिलक लगाकर आएगा और न ही टोपी पहनेगा।
उधर सरधना के एसडीएम अमित कुमार भारतीय का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है। किसी भी शिक्षण संस्थान में तिलक या टोपी लगाने से किसी छात्र को नहीं रोका जा सकता। ऐसा कोई मामला है तो उस पर संज्ञान लिया जाएगा। बुधवार को नोटिस जारी कर इस संबंध में स्कूल से जानकारी ली जाएगी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/