संवाद न्यूज एजेंसी
बहसूमा। कस्बे के मुख्य मार्ग पर स्थित ज्ञानश्री कॉलेज के सामने बुधवार सुबह रोडवेज बस से उतरते समय बीए प्रथम वर्ष की छात्रा राधिका सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गई। लोगों ने उसे कस्बे के निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने बस चालक के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मुजफ्फरनगर जनपद के जानसठ थाना क्षेत्र के गांव राजपुर तिलोरा निवासी राधिका बुधवार सुबह मीरापुर से नजीबाबाद डिपो की रोडवेज बस में सवार होकर कॉलेज पहुंची थी। कॉलेज के सामने बस से उतरते समय उसका पैर फिसल गया, जिससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गई। आरोप है कि हादसे के बाद चालक बस लेकर मौके से चला गया। वहां मौजूद लोगों ने ई-रिक्शा से छात्रा को निजी चिकित्सक के यहां पहुंचाया। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
सीओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।