मेरठ में नवीं कक्षा की छात्रा से बेगमपुल स्थित एक होटल में तीन युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म करने और तीन माह से यौन शोषण करने का मामला सामने आया है। छात्रा के अनुसार आरोपियों ने होटल में उसकी अश्लील क्लिप बना ली थी, जिसे सार्वजनिक करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया जा रहा था। छात्रा के सच बताने पर आरोपियों के खिलाफ सिविल लाइन थाने में नामजद केस दर्ज कराया गया है। दो युवक छात्रा के पड़ोसी हैं तो तीसरे आरोपी की मां यूपी पुलिस में सिपाही है।
पुलिस के अनुसार सिविल लाइन थाना क्षेत्र निवासी छात्रा शहर के एक इंटर कॉलेज में पढ़ती है। करीब तीन माह पूर्व छात्रा के मोहल्ले का शुभम नाम का युवक उसे स्कूल छोड़ने की बात कहकर बेगमपुल स्थित एक होटल में ले गया, जहां उसके दोस्त आकाश और मनु पहले से मौजूद थे। आरोप है कि तीनों युवकों ने छात्रा को कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ देकर उसके साथ दुष्कर्म की वारदात की। छात्रा को धमकी दी कि अगर उसने अपने परिजनों को बताया तो वह उसकी मां पर तेजाब डाल देंगे और पिता की हत्या भी करा देंगे। छात्रा की होटल में ही अश्लील क्लिप भी बना ली, जिसे सार्वजनिक करने की धमकी देकर तीनों आरोपी छात्रा से दुष्कर्म करते रहे।
कब तक सहन करूं
लगातार यौन शोषण होने पर पीड़ित छात्रा ने मंगलवार को अपनी सहपाठी को आपबीती सुनाई। कहा कि इनका जुल्म सहन करूं। सहपाठी छात्रा ने सलाह दी कि वह बिना देर किए यह बात अपने परिजनों को बताए। जिसके बाद पीड़िता ने शाम को अपनी चाची को सारी बातें बताई। परिवार के लोगों को इसकी जानकारी हुई तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
सजा पर सहमत हुए लोग
आरोपी शुभम और आकाश छात्रा के पड़ोसी हैं, जबकि तीसरा आरोपी मनु पल्लवपुरम निवासी है। जिसकी मां कांस्टेबल बताई गई है। परिजनों ने थाने जाने की तैयारी की तो मोहल्ले के कुछ लोगों ने मामला आपस में निपटाने की सलाह दी। लेकिन मोहल्ले के अधिकांश लोगों ने आरोपियों को सजा दिलाने की वकालत करते हुए कहा कि आज उनकी बेटी है, तो कल को किसी ओर की बेटी के साथ भी ऐसी वारदात हो सकती है। उसके बाद पीड़ित परिवार के साथ सैकड़ों लोग छात्रा को लेकर सिविल लाइन थाने पहुंचे।
पढ़ें : महिला को घर में अकेला देख घुसे तीन युवक, रातभर की दरिंदगी