चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने सोमवार को छात्रसंघ चुनाव 2016 की अधिसूचना जारी कर दी। इसके साथ ही कैंपस में आचार संहिता लागू हो गई है। संभावित प्रत्याशी प्रचार में लिंगदोह समिति की सिफारिशें का उल्लंघन कर रहे थे। अब इस पर रोक लगेगी। कैंपस के अंदर बाइक, स्कूटर, कार और ट्रैक्टर से प्रचार पर प्रतिबंध लगा दिया है। छात्रों को पैदल ही प्रचार करना होगा। अगर नियम का उल्लंघन किया तो उनका नामांकन कैंसिल हो सकता है। अभी तक कैंपस में लग्जरी गाड़ियों से प्रचार किया जा रहा था।
सोमवार देर शाम अधिसूचना जारी की गई। चुनाव आयुक्त प्रोफेसर अतवीर सिंह का कहना है कैंपस में प्रचार के लिए जुलूस निकालने पर पाबंदी है। अगर किसी ने ऐसा किया तो कार्रवाई होगी। प्रचार और नामांकन के दौरान भी जुलूस के नाम पर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नजर रहेगी। विडियोग्राफी कराई जा रही है। अधिसूचना जारी होने से पहले और बाद में विवि विडियोग्राफी करा रहा है। चुनाव के दौरान गेस्ट हाउस में छात्रों के परिजन नहीं रहेंगे। प्रचार में नियमों के उल्लंघन पर चुनाव आयुक्त का कहना है कि अधिसूचना जारी होने के बाद अब कार्रवाई होगी। विवि के पास इसका इनपुट है। लिंगदोह समिति की सिफारिशों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ग्रीवेंस के लिए कमेटी गठित कर दी गई है। विवि की वेबसाइट पर नामांकन परफोरमा अपलोड किया जाएगा। मंगलवार से छात्र वेबसाइट पर परफोरमा और आचार संहिता की जानकारी ले सकते हैं। नामांकन के दौरान 250 रुपये का डिमांड ड्राफ्ट जमा करना होगा।
प्रत्याशियों की आयु सीमा
कोर्स न्यूनतम आयु अधिकतम आयु
बीटेक 17 वर्ष 23 वर्ष
बीए एलएलबी 17 24
तीन साल यूजी के साथ पीजी 17 24
चार साल यूजी के साथ पीजी 17 25
एलएलएम 17 25
एमफिल सत्र 2016-17 के छात्र 17 25
पीएचडी 17 28
पीएचडी में पांच साल की लिमिट
पीएचडी शोधार्थियों को चुनाव लड़ने और वोट देने के लिए कंडीशन है। ऐसे शोधार्थी ही चुनाव लड़ सकेंगे और वोट दे सकेंगे जिनकी अवधि पांच साल से कम है और ट्यूशन फीस जमा की है। पीडीएफ शोधार्थी न तो चुनाव लड़ सकेंगे और न ही वोट कर सकेंगे। चुनाव खर्च की अधिकतम सीमा पांच हजार रुपये रखी गई है।
प्रचार के लिए लगेंगे बोर्ड
अधिसूचना जारी होने के बाद प्रचार हाथ से लिखे पोस्टर आदि से ही हो सकेगा। इसके लिए विवि लाइब्रेरी के सामने पांचों पदों के लिए बोर्ड लगाएगा। उस पर प्रत्याशी अपना प्रचार कर सकेंगे।
चुनाव कार्यक्रम ः नामांकन 21 अक्तूबर को सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक होगा। शाम पांच बजे प्रत्याशियों की सूची का प्रकाशन। 22 अक्तूबर को सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक स्क्रूटनी होगी। 1 से 3 बजे तक नाम वापसी होगी। शाम को 5 बजे वैध प्रत्याशियों की सूची प्रकाशित होगी। मतदान 26 अक्तूबर को सुबह 8 से 2 बजे तक। इसके बाद 3 बजे से मतगणना होगी।