-हादसे को लेकर परिजनों व ग्रामीणों की एसडीओ व नायब तहसीलदार से नोकझोंक
- पिता की तहरीर पर एसडीओ और अवर अभियंता के विरुद्ध लापरवाही की प्राथमिकी दर्ज
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
परीक्षितगढ़। गांव धनपुरा निवासी किसान ब्रह्मपाल सिंह का 18 वर्षीय पुत्र दीपक उर्फ बंटी ट्यूबवेल से अपने खेत पर फसल की सिंचाई कर रहा था। सिंचाई के दौरान एलटी विद्युत लाइन के टूटे तार की चपेट में आने पर वह बुरी झुलस गया था। मंगलवार देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पिता की तहरीर पर एसडीओ और अवर अभियंता के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।
ग्रामीणों के अनुसार, दीपक उर्फ बंटी मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे गांव में स्थित अपने खेत पर फसल की सिंचाई करने गया हुआ था। किसान सोना निवासी रजनीश शर्मा की ट्यूबवेल में प्लास्टिक के पाइप लगाकर सिंचाई कर रहा था। दीपक सिंचाई के बाद प्लास्टिक का पाइप इकट्ठा करता हुआ आ रहा था। इसी दौरान खेत के ऊपर से जा रही जर्जर हालत में एलटी विद्युत लाइन का जमीन पर पड़े टूटे तार की करंट की चपेट में आने से वह बुरी तरह झुलस गया था। परिजनों ने उपचार के लिए उसे मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। दीपक ने हाल में 12वीं की परीक्षा पास की थी।
बुधवार दोपहर जैसे ही पोस्टमार्टम के बाद दीपक का शव गांव पहुंचा तो परिजनों व ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति आक्रोश फैल गया। सूचना पर एसडीओ सुनील श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार रितेश सैनी, जेई अमित त्रिपाठी थानाध्यक्ष सुदीश सिरोही पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे। परिजनों व ग्रामीणों की एसडीओ, नायब तहसीलदार से हादसे को लेकर नोकझोंक हुई। ग्रामीणों ने मृतक परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, साढ़े सात लाख रुपये नकद, व ट्यूबवेल कनेक्शन की मांग की। ग्रामीणों ने अपनी मांग पत्र लिखित में लिखकर मौजूद अधिकारियों को सौंपा। विद्युत विभाग के अधिकारियों के आश्वासन मिलने पर करीब दो घंटे बाद शव का अंतिम संस्कार गांव के ही श्मशान घाट पर गमगीन माहौल में कर दिया गया। पिता ब्रह्मसिंह की तहरीर पर गांव तोहफापुर विद्युत विभाग के एसडीओ व अवर अभियंता के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।-
-
शव पहुंचते ही भड़का आक्रोश मांगों को लेकर अड़े परिजन
दीपक का शव गांव में पहुंचते ही विद्युत विभाग के प्रति आक्रोश उत्पन्न हो गया। ग्रामीणों का आरोप है लाइन जर्जर हालत होने पर अनेक बार विद्युत विभाग से शिकायत कर चुके हैं। लेकिन अधिकारियों की मनमानियों के चलते एक होनहार छात्र की मौत हो गई। परिजनों को सरकारी नौकरी के साथ उचित मुआवजे की मांग की है।
-
परिवार पर टूटा गम का पहाड़
मृतक अपने दो भाई-बहन में सबसे छोटा था। वह गांव आदर्श इंटर खजूरी स्कूल का होनहार छात्र था। उसने इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की थी। वह खेती-बाड़ी में अपने पिता का सहयोग करता था। उसकी मौत से मां लक्ष्मी, भाई गौरव, बहन काजल व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है।
परीक्षितगढ़। मृतक दीपक उर्फ बंटी का फाइल फोटो।