शाहपुर गांव में शुक्रवार दोपहर स्कूल बस ने छात्र को कुचल दिया। इससे छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक बस लेकर फरार हो गया। गुस्साए ग्रामीणों ने बस का पीछा किया तो आरोपी गांव के बाहर बस छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जैसे तैसे लोगों को समझा बुझाकर शांत किया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
शाहपुर निवासी पूर्व प्रधान संगरत्न ने बताया कि उसके भाई प्रदीप का इकलौता बेटा गगन (5) बहसूमा स्थित मनफूल एकेडमी में कक्षा एक में पढ़ता था। दोपहर को छुट्टी के बाद स्कूल की खटारा मिनी बस छात्रों को शाहपुर में छोड़ने आई थी। गगन बस से उतरा ही था तभी चालक सोनू पुत्र धर्मपाल ने बस चला दी। इससे गगन बस के पहिये के नीचे कुचल गया। हादसा होते देख चालक बस लेकर भाग निकला।
शोर सुनकर ग्रामीण बाइक और अन्य वाहन लेकर बस के पीछे दौड़ लिए तो वह बस छोड़कर भाग निकला। परिजनों और ग्रामीणों ने मौके पर हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ खटारा बस के लिए आक्रोश जताया। छात्र के ताऊ संगरत्न ने बस चालक सोनू निवासी मीरपुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने बस कब्जे में ले ली। इस संबंध में स्कूल प्रबंधक ब्रह्मचारी सिंह का कहना है कि चालक की लापरवाही से हादसा हुआ है।
इकलौता बेटा था गगन
गगन घर का इकलौता चिराग था। उसकी मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। गगन के पिता प्रदीप दिल्ली स्थित जूता फैक्ट्री में काम करते हैं। हादसे की सूचना के बाद वह देर शाम घर पहुंचे।
खेतों में चालक दिखने पर दौड़े ग्रामीण
हंगामे के बाद ग्रामीणों को किसी ने सूचना दी कि आरोपी चालक कब्रिस्तान के पास जंगल में देखा गया है। इस पर ग्रामीण लाठी डंडे लेकर जंगल की तरफ दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने गन्ने के खेतों में आरोपी को तलाश किया, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
चालक की लापरवाही से हादसा हुआ है। छात्र के परिजनों की तहरीर पर आरोपी चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - बचन सिंह सिरोही, थानाध्यक्ष