क्रेन की टक्कर से छात्र की मौत
कंकरखेड़ा। हाईवे स्थित खड़ौली चौपले के पास बुलेट पर सवार होकर दवा लेकर घर लौट रहे दो छात्रों को क्रेन ने टक्कर मार दी। हादसे में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। एकलौते बेटे की मौत से परिजनों का रो रोकर बुराहाल है। पुलिस ने घायल छात्र को पास के अस्पताल में भर्ती कराया।
मोहित कुमार पुत्र पप्पू पाल और विकसित कुमार पुत्र भूदेव सिंह निवासी नंगलाताशी दोस्त थे। दोनों बीसीए के छात्र थे। शनिवार को मोहित, विकसित की बुलेट पर सवार होकर सुभारती की ओर से दवा लेकर घर लौट रहा था। बुलेट विकसित चला रहा था, जबकि मोहित पीछे बैठा था। खड़ौली चौपले के पास पीछे से आई एक क्रेन ने बुलेट में जोरदार टक्कर मार दी। इससे दोनों दूर जाकर गिरे। सिर में चोट लगने से मोहित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विकसित गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर इंस्पेक्टर बीपी राणा मौके पर पहुंचे और घायल को पास के हॉस्पिटल में भर्ती कराया। इसके बाद मोहित के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं हादसे के बाद आरोपी चालक क्रेन लेकर फरार हो गया। घटना का पता चलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने आरोपी चालक के खिलाफ तहरीर दी है। इंस्पेक्टर का कहना है कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
तीन बहनों में अकेला भाई था मोहित
परिजनों के अनुसार मोहित घर का इकलौता चिराग था। उसकी तीन बहने हैं। चारों भाई बहनों में से अभी किसी की शादी नहीं हुई है। पिता मजदूरी करते हैं। घर की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं है। मोहित की मौत से परिजनों का रो रोकर बुराहाल है।
हेलमेट होता तो शायद बच जाती जान
पुलिस के अनुसार दोनों छात्रों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं लगा रखा था। मोहित के सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हुई। यदि वह हेलमेट पहने हुए होता तो शायद जान बच जाती।