कार शोरूम में नौकरी के लिए इंटरव्यू देने के लिए घर से निकली थी प्रियंका
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। परतापुर रेलवे ओवरब्रिज स्थित रेलवे फाटक के पास रविवार सुबह बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा प्रियंका (22) ने जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी कर ली। लोगों ने छात्रा की पहचान अछरोंडा गांव निवासी प्रियंका पुत्री कमल सिंह के रूप में की। छात्रा दिल्ली रोड स्थित एक कार शोरूम में नौकरी करती थी।
रविवार सुबह करीब सवा दस बजे परतापुर रेलवे फाटक से 50 मीटर दूर एक युवती रेलवे ट्रेक के पास खड़ी थी। जैसे ही मेरठ की ओर से आई जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन पहुंची ताे युवती ट्रेन के आगे कूद गई। युवती की मौके पर मौत हो गई। लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। ट्रेन से कटने के बाद युवती का शव रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत पड़ा था। परतापुर पुलिस ने घटनास्थल जीआरपी का बताकर सूचना दी। जीआरपी ने मौके पर पहुंच कर लोगों से युवती की पहचान के प्रयास किए।
एक स्थानीय व्यक्ति ने युवती की पहचान की। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे पिता कमल सिंह, मां रीता, भाई प्रिंस, छाेटी बहन आकांक्षा का रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने किसी प्रकार की कार्रवाई से इन्कार कर दिया। जीआरपी ने पंचनामा भर कर शव परिजनों को सौंप दिया। इंस्पेक्टर जीआरपी विनोद कुमार ने बताया कि मामला खुदकुशी का है। ट्रेन के लोको पायलट ने युवती के ट्रेन के आगे कूदने की जानकारी दी है। परिजन कोई तहरीर देंगे तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
पिता का हाथ बंटाने के लिए कर रही थी नौकरी
मेरठ। अछरोंडा गांव निवासी कमल सिंह राजमिस्त्री हैं। उनकी बड़ी बेटी प्रियंका माधवपुरम स्थित शहीद मंगल पांडे महाविद्यालय में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए प्रियंका पढ़ाई के साथ दिल्ली रोड कुंडा द्वार स्थित एक कार शोरूम में नौकरी भी करती थी। वह परतापुर बाईपास स्थित अन्य कार शोरूम में नौकरी के लिए इंटरव्यू देने की बात कह कर घर से निकली थी। उसने आत्महत्या क्यों की इसकी जानकारी परिजन नहीं दे पाए। परिजन उसके खुदकुशी करने से हैरान और गमजदा हैं।