मेरठ। पुलिस लाइन में इंटेलिजेंस शाखा में तैनात इंस्पेक्टर बसंत अधिकारी के बेटे रिदिम की कार में सवार दबंगों ने एसएसपी आवास के पास तोड़फोड़ कर दी। घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इंस्पेक्टर के बेटे ने लालकुर्ती थाने पर एक आरोपी हर्षित सहित तीन आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस तहरीर के आधार मामले की जांच में जुट गई है।
रिदिम ने मंगलवार सुबह लालकुर्ती थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि वह चौधरी चरण सिंह का बीए प्रथम वर्ष का छात्र है। वह सुबह के समय किसी काम से गांधी बाग की ओर जा रहा था। इसी बीच कार सवार आरोपियों ने एसएसपी आवास के पास बने एक रेस्टोरेंट के पास ओवरटेक कर उसकी कार को रोक लिया। आरोप है कि आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की, फिर जान से मारने की नीयत से उन पर हमला कर दिया। किसी तरह युवक कार लेकर मौके से भाग गया। लेकिन आरोपियों ने पीछा कर उसकी कार पर भी हमला कर दिया। हमले कार का पिछला शीशा टूट गया। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। आरोपी मौके से भाग गए।
सीओ कैंट संजय कुमार गुप्ता का कहना है कि उनको मामले की जानकारी नहीं है। अगर थाने पर तहरीर आई है तो उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।