संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। मस्जिद कुरैशियान व कब्रिस्तान के नाम पर लाखों रुपये का फर्जी चंदा वसूले जाने का मामला सामने आने पर मस्जिद कुरैशियान के मुतवल्ली एवं प्रबंधक शाहनवाज कुरैशी ने फर्जी चंदा वसूलने के मामले में वक्फ बोर्ड लखनऊ और मुख्यमंत्री पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है।
मुतवल्ली शाहनवाज कुरैशी ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि फर्जी तरीके से चंदा वसूलने वाले लोगों को किसी भी सूरत में रुपया-पैसा न दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना वक्फ बोर्ड लखनऊ के रजिस्ट्रेशन के चंदा वसूलना अवैध है। ऐसे फर्जी लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी और वक्फ बोर्ड कानून के तहत वसूली भी की जाएगी। यदि कोई व्यक्ति बिना जांच-पड़ताल के फर्जी चंदा देता है तो उसकी पूरी जवाबदेही स्वयं उसी की होगी।
प्रबंधक कमेटी ने साफ कर दिया है कि इस तरह की किसी भी फर्जी वसूली की जिम्मेदारी मस्जिद कुरैशियान की समिति की नहीं होगी। शाहनवाज कुरैशी ने बताया कि इस फर्जीवाड़े की लिखित शिकायत जल्द ही स्थानीय शासन-प्रशासन से भी की जाएगी, ताकि चंदा ठगने वाले गिरोह पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि चंदा देने से पहले वक्फ बोर्ड लखनऊ का वैध पंजीकरण प्रमाण पत्र जरूर मांगें।