संवाद न्यूज एजेंसी
बहसूमा। आवारा गोवंश लोगों के लिए मुसीबत बन गए हैं। ग्रामीण क्षेत्र में गोवंश फसल बर्बाद कर रहे हैं। कस्बे की सड़कों पर घूम रहे आवारा गोवंश जाम का कारण बन रहे हैं। कई बार वाहनों से टकराने के कारण हादसे हो चुके हैं। लोगों का कहना है कि कई बार शासन प्रशासन से गोवंश को पकड़कर गोशाला में भेजने की अपील की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
क्षेत्र का कोई गांव ऐसा होगा जहां पर गोवंश ग्रामीणों के लिए मुसीबत न बन रहे हो। क्षेत्र के गांव हंसापुर, अकबरपुर सादात, शाहपुर, बटावली, झुनझुनी, रहमापुर, माखनगर, तजपुरा, समसपुर, सदरपुर, मोड़ खुर्द सभी गांव में लावारिस गोवंश फसलों को बर्बाद करते देखे जा सकते हैं। किसानों का कहना है कि रात-दिन फसलों की सुरक्षा की रखवाली करनी पड़ रही है। समस्या को लेकर उन्होंने कई बार शासन प्रशासन से शिकायत की लेकिन समाधान नहीं हुआ। फसलों की बर्बाद होने से किसान आर्थिक तंगी से भी जूझ रहा है।
वहीं कस्बे में भी जगह-जगह घूम रहे आवारा गोवंश नागरिकों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। कई बार सड़कों पर घूम रहे लावारिस गोवंश से वाहन चालक टकराकर हादसे का शिकार हो चुके हैं। अब तो यह आवारा गोवंश इतने खूंखार हो चुके हैं कि इनके पास से गुजरते हुए भी डर लगता है। कई बार इनके सड़कों पर खड़े होने से जाम की स्थिति भी बन जाती है।