सरूरपुर। थाना क्षेत्र के गांव मैनापूठी निवासी ममता शर्मा पत्नी देवानंद शर्मा पर निराश्रित गोवंश ने हमला कर दिया। गोवंश ने महिला के पेट में सींग घुसाकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। ग्रामीणों ने किसी तरह निराश्रित गोवंश कर भगाकर महिला को बचाया। परिजनों ने महिला को सरधना के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। बीते शनिवार को निराश्रित गोवंश ने शिवानी पुत्री आनंद को टक्कर मारकर घायल कर दिया था।
सोमवार देर रात ममता किसी काम से बाहर जा रही थी। इसी बीच निराश्रित गोवंश ने रास्ते में उस पर अचानक हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिला का शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने शोर मचाकर गोवंश को भगाया। इसके बाद परिजनों ने घायल को सरधना के निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां महिला की हालत चिंताजनक बनी हुई। जबकि गांव में लगातार हो रहे निराश्रित गोवंश के हमले को लेकर ग्रामीणों में दहशत फैली है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लंबे समय से लावारिस गोवंश का आतंक बना हुआ है। कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। गुस्साए ग्रामीणों ने प्रशासन से निराश्रित गोवंशों को पकड़वाकर गोशाला भिजवाने और स्थायी समाधान कराने की मांग की है।