मेरठ/खरखौदा। जाहिदपुर गांव में होली चौक की जमीन को लेकर दो समुदायों के बीच बुधवार को फिर मारपीट और पथराव हो गया। यहां तनाव के चलते पुलिस फोर्स तैनात कर दी है।
खरखौदा थाना क्षेत्र के जाहिदपुर गांव में मिश्रित आबादी है। ग्रामीण अनुज शर्मा ने बताया कि वह बुधवार रात को प्रॉपर्टी डीलिंग कार्यालय से बुलेट बाइक पर गांव के ही शेखर पुत्र सुरेश सैनी के साथ घर लौट रहा था। वह गांव के चौराहे पर पहुंचा तो वहां पहले से मौजूद एक समुदाय के लोगों ने शेखर को आवाज दी। इस पर शेखर उनके पास गया। वहां उन्होंने कहासुनी के बाद उससे मारपीट कर दी। अनुज शर्मा ने बताया कि होली चौक, श्मशान पर कब्जे के पुराने विवादों के चलते हमला किया गया। वहीं, अन्य लोगों ने बीचबचाव कराकर दोनों को भेज दिया। इसके बाद अनुज एवं शेखर अपने मकान के पास खड़े थे। आरोप है कि दूसरे पक्ष के दर्जनभर युवक आए तथा गालीगलौज की तथा पथराव कर दिया। जिसमें शेखर व अनुज घायल हो गए। इसकी जानकारी पाकर बिजली बंबा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप है कि पुलिस के सामने भी दूसरे पक्ष ने जमकर पथराव किया। इस पर सीओ किठौर भी मौके पर पहुंचे। यहां अनुज शर्मा पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हालांकि देर शाम तक पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई थी। उधर, घायल शेखर को अस्पताल में भर्ती कराया है।
वर्जन
दोनों पक्षों में रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। जिसके चलते पथराव हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अपनी ओर से मुकदमा दर्ज करा रही है।-देवेश सिंह, सीओ किठौर