हस्तिनापुर (मेरठ)। थाना क्षेत्र के गांव सराय खादर में जनपद मुजफ्फरनगर के मजलिसपुर तोफिर से आई बरात में खाने को लेकर दुल्हन पक्ष और दूल्हा पक्ष में विवाद हो गया। इसमें दूल्हे का भाई और जीजा घायल हो गए, जिन्होंने थाने पहुंचकर तहरीर दी।
जनपद मुजफ्फरनगर के गांव मजलिसपुर तोफिर निवासी थाना भोपा निवासी गुलाब सिंह पुत्र राजू ने बताया कि उसके भाई लवकुश की शादी हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के गांव सराय खादर में शीशपाल की बेटी से तय हुई थी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह सोमवार को बरात लेकर पहुंचे। चढ़त के बाद जब खाना चल रहा था तो किसी बात पर दुल्हन पक्ष के कुछ युवकों ने बरातियों पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया।
इसमें दूल्हे का भाई गुलाब सिंह और फूलगढ़ हरिद्वार निवासी उसका जीजा निर्मल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों द्वारा मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस पीड़ितों को सीएचसी लेकर पहुंची, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर दी गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आरोपी पक्ष के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।