शास्त्रीनगर में भाजपा विधायक के आवास से चंद कदमों की दूरी पर रविवार रात चोरों ने दरोगा का बंद घर खंगाल लिया। चोर नगदी समेत करीब 12 लाख रुपये के जेवर लेकर फरार हो गए।
विरोध जताते विधायक रविंद्र भड़ाना
- फोटो : अमर उजाला
मेडिकल थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर एल ब्लॉक में चमन गोस्वामी का परिवार रहता है। वह इस समय एटा के जलेसर थाने में एसएसआई के पद पर तैनात हैं। दरोगा के मकान से कुछ दूरी पर भाजपा विधायक रविंद्र भड़ाना का आवास है। एक सप्ताह पहले दरोगा की पत्नी यशोदा बच्चों के साथ एटा गई थीं। घर की देखरेख के लिए भतीजे नीटू को छोड़ रखा था। रविवार रात आठ बजे नीटू कोचिंग से आने के बाद शास्त्रीनगर में ही अपने चाचा के घर खाना खाने चला गया था। इस बीच चोरों ने घर के ताले तोड़कर सेफ में रखे 62 हजार रुपये और सोने के जेवरात चोरी कर लिए। करीब डेढ़ घंटे बाद नीटू घर पहुंचा तो ताले टूटे देखकर उसके होश उड़ गये। उसने शोर मचाया तो आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। सीओ सिविल लाइन रितेश कुमार मौके पर पहुंचे।
चोरी बताने पर बिलख पड़े दरोगा
नीटू ने जब दरोगा को नगदी समेत 12 लाख रुपये की ज्वैलरी चोरी होना बताया तो वे फोन पर ही बिलख पड़े। कहा कि पूरी जिंदगी जो कमाया, वह सब चला गया। दरोगा ने कहा कि वह जानते थे कि शास्त्रीगनगर जैसी जगह घर छोड़ना सही नहीं है। बेटे की शादी तय हो चुकी है, ऐसे में बहू के लिए जेवर बनवाकर रखे थे। पत्नी की ज्वैलरी भी रखी थी। दरोगा ने बताया कि मकान के ऊपरी भाग पर निर्माण चल रहा है। सौ के नोट की गड्डी के अलावा दो हजार के नोट भी थे।