साप्ताहिक पैठ में व्यापारी, ठेले वालों से बदसलूकी का आरोप, पुलिस-व्यापारियों में जमकर नोकझोक
- सीओ ने लोगों को समझा बुझा कर शांत किया,
-व्यापारी उच्चाधिकारियों से करेंगे शिकायत
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
फलावदा। व्यापारियों ने थाना प्रभारी पर साप्ताहिक पैठ बाजार में व्यापारियों के साथ बदसलूकी करने और थप्पड़ मारने का आरोप लगाते हुए शनिवार रात को थाना घेर लिया। इस दौरान तू-तू मैं-मैं के साथ खूब हंगामा हुआ। मौके पर पहुंचे सीओ ने व्यापारियों को समझा-बुझाकर शांत किया।
थाने में पहुंचे व्यापारियों का कहना है कि थाना प्रभारी निरीक्षक पूनम जादौन शनिवार शाम को गश्त के दौरान पैंठ बाजार से गुजर रही थीं। बाजार में भीड़भाड़ व अतिक्रमण देखकर थाना प्रभारी उग्र हो गईं। आशु पालीवाल, प्रशांत खटीक, आरव, गौरव आदि व्यापारियों का आरोप है कि थाना प्रभारी ने अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करते हुए दुकानदारों और ठेला विक्रेताओं से बदसलूकी करते हुए मारपीट की और थप्पड़बाजी की। व्यापारी को थप्पड गए। यह बात बाजार में फैल गई। इसके बाद व्यापारी थाने पहुंचे और कोतवाल का घेराव किया। व्यापारियों ने पूछा कि उन्होंने ऐसा क्यों किया। इसे लेकर हंगामा खड़ा हो गया।
व्यापारी की पुलिस कर्मियों से तीखी नोकझोंक हुई। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि कस्बावासी थाना प्रभारी के रवैए से त्रस्त हो चुके हैं। प्रशांत खटीक का आरोप था कि आए इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। यह सब बर्दाश्त नहीं होगा। थाने में फरियादियों के साथ तानाशाही किए जाने की शिकायतें जनप्रतिनिधियों तक पहुंच रही हैं।
थाना प्रभारी को हटाने की जिद पर अड़े
हंगामे की सूचना पर सीओ मवाना पंकज लवानिया फलावदा थाने पहुंचे। व्यापारी थाना प्रभारी को हटवाने की मांग पर अड़ गए। सीओ ने व्यापारियों को घटना की पुनरावृत्ति न होने का आश्वासन देते हुए भीड़ को समझा-बुझाकर शांत किया। सीओ के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ और व्यापारी लौट गए। व्यापारियों ने प्रभारी निरीक्षक की शिकायत उच्चाधिकारियों से करने की बात कही है।
वर्जन
पैठ बाजार से अतिक्रमण की वजह से जाम लग रहा था, जिसे थाना प्रभारी ने हटवाया। इसी दौरान व्यापारियों से कहासुनी हुई थी। समझा बुझा कर व्यापारियों को शांत कर दिया है जिसके बाद वह लौट गए।
पंकज लवानिया, सीओ मवाना