निगम ने लगाई बैरिकेडिंग, सफाई कर्मियों की छुट्टियां निरस्त
नगर निगम ने बुधवार को कांवड़ मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाया। साथ ही हैंडपंप, पथ प्रकाश और बैरिकेडिंग की व्यवस्था भी की गई। सफाई कर्मचारियों की छुट्टी निरस्त कर दी गई हैं। कांवड़ मार्गों की सफाई के लिए अतिरिक्त कर्मचारी भी लगाए गए हैं। नगरायुक्त ने बेगमपुल से दिल्ली रोड और हापुड़ रोड की तरफ डिवाइडरों पर की जा रही बैरिकेडिंग का निरीक्षण किया।
आज से कांवड मार्गों पर नहीं खुलेंगी मांस की दुकानें
कांवड मार्गों पर गुरुवार से 30 जुलाई तक मीट की दुकानें नहीं खुलेंगी। पशु कल्याण अधिकारी डॉ. हरपाल सिंह ने कहा कि नियमों का पालन न करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
निगम कार्यकारिणी बैठक कांवड़ यात्रा के बाद
नगर निगम कार्यकारिणी की 14 जुलाई को होने वाली निगम कार्यकारिणी की बैठक स्थगित कर दी गई है। महापौर सुनीता वर्मा ने पत्र जारी करके कहा है कि कांवड़ यात्रा के कारण बैठक स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। अब कांवड़ यात्रा के बाद ही कार्यकारिणी की बैठक बुलाई जाएगी।
जमीयत की अपील कांवड़ियों का रखें ख्याल
जमीयत उलमा-ए-हिंद महानगर इकाई ने कांवड़ 14 से 26 जुलाई तक कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ियों का विशेष ख्याल रखने की अपील की है। नायब शहरकाजी जैनुर राशिद्दीन ने कहा मुस्लिम समाज के लोग हर साल की तरह कांवड़ियों का ख्याल रखें। जिन मुस्लिम इलाकों से कांवड गुजरें उन इलाकों में उन्हें कोई तकलीफ न हो। कुछ लोग मुस्लिम इलाको में कांवड़ का स्वागत करते हैं।