कृषि विश्वविद्यालय में कुलपति ने किया श्री रसोई का शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में शनिवार को स्टाफ और छात्रों के लिए श्री रसोई का शुभारंभ किया गया। इंटरनेशनल छात्रावास परिसर स्थित भवन में शुरू की गई रसोई का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त ने किया। इस दौरान उन्होंने रसोई की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और विश्वविद्यालय परिवार को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने की पहल को महत्वपूर्ण बताया।
‘श्री रसोई’ का उद्देश्य विश्वविद्यालय में कार्यरत कर्मचारियों और अध्ययनरत छात्रों को स्वादिष्ट भोजन के साथ स्वच्छ, शुद्ध, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण खान-पान की सुविधा उपलब्ध कराना है। रसोई में भोजन तैयार करने से लेकर उसकी गुणवत्ता और स्वच्छता तक का विशेष ध्यान रखने की बात कही गई। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, सुविधा शुरू होने से स्टाफ और छात्रों को परिसर में ही बेहतर भोजन उपलब्ध हो सकेगा।
शुभारंभ अवसर पर कुलसचिव डॉ. वीपी सिंह, निदेशक प्रसार डॉ. सत्येंद्र कुमार, निदेशक शोध डॉ. कमल खिलाड़ी समेत विभिन्न अधिष्ठाता और विश्वविद्यालय के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि विश्वविद्यालय परिवार की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस तरह की सुविधाओं को विकसित किया जा रहा है। ‘श्री रसोई’ में भोजन की शुद्धता के साथ स्वाद और पोषण को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि पढ़ाई और कार्य के दौरान छात्रों एवं कर्मचारियों को स्वच्छ भोजन की सुविधा मिलना उनके स्वास्थ्य के लिए भी उपयोगी होगा। इंटरनेशनल छात्रावास परिसर में रसोई शुरू होने से यहां रहने वाले छात्रों के साथ विश्वविद्यालय के अन्य स्टाफ को भी सुविधा मिलेगी। इस दौरान विश्वविद्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने नई सुविधा की शुरुआत का स्वागत किया।