फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वेस्ट यूपी से खास खबरें: युवक की हत्या, चंद्रशेखर ने जयंत पर साधा निशाना; किसानों पर कार्रवाई की चेतावनी

Tue, 10 Nov 2026 05:23 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

सार

यूपी की प्रमुख खबरें: मेरठ में युवक की चाकू से हत्या, चंद्रशेखर आजाद का जयंत चौधरी पर निशाना, मेडा में किसानों का धरना और नमो भारत के 32 अतिरिक्त फेरे।
विज्ञापन
वेस्ट यूपी से खास खबरें, मेरठ न्यूज बुलेटिन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मेरठ: टीपी नगर में युवक की चाकू से गोदकर हत्या, आरोपी दोस्त ने किया सरेंडर

विज्ञापन

मेरठ के टीपी नगर थाना क्षेत्र की सरस्वती विहार कॉलोनी में युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हत्या का आरोप युवक के दोस्त विशाल पर लगाया गया है।

घटना के बाद आरोपी विशाल ने बहसूमा थाने में सरेंडर कर दिया। सूचना मिलने पर टीपी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।
विज्ञापन




बागपत: चंद्रशेखर ने जयंत चौधरी पर साधा निशाना, बोले- थोड़ी समझदारी दिखाते तो भाजपा का सूपड़ा साफ हो जाता
नगीना से आजाद समाज पार्टी के सांसद चंद्रशेखर आजाद मंगलवार को बागपत के टीकरी कस्बे पहुंचे। यहां उन्होंने एक कार्यकर्ता के परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने भाजपा को रोकने के लिए विपक्षी गठबंधन के साथ आने की तैयारी की बात कही।

जयंत चौधरी पर निशाना साधते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि जयंत थोड़ी समझदारी दिखाते तो भाजपा का सूपड़ा साफ हो जाता। उन्होंने कहा कि भाजपा को रोकने के लिए वह गठबंधन के साथ हर तरह से तैयार थे। साथ ही उन्होंने कहा कि आजाद समाज पार्टी मुस्लिमों के मुद्दों को लेकर भी चुनाव लड़ेगी।

सांसद ने किसानों के मुद्दे उठाते हुए गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग की। उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट की बेंच स्थापित करने की मांग भी दोहराई। पंचायत चुनाव नहीं कराए जाने पर योगी सरकार को घेरते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के आदेशों के बावजूद चुनाव नहीं कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की सरकार डंडे के दम पर चल रही है।

मेरठ: मेडा में किसानों का धरना नौवें दिन भी जारी, एसपी सिटी ने दी कार्रवाई की चेतावनी
बढ़े हुए मुआवजे और प्लॉट की मांग को लेकर मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) परिसर में किसानों का अनिश्चितकालीन धरना मंगलवार को नौवें दिन भी जारी रहा। लोहियानगर, गंगानगर और वेदव्यासपुरी के प्रभावित किसान अपनी मांगों पर अड़े हैं।

किसानों का आरोप है कि लंबे समय से मांग उठाने के बावजूद प्राधिकरण के अधिकारी उनकी सुनवाई नहीं कर रहे हैं। किसानों ने स्पष्ट किया है कि जब तक नियमानुसार बढ़ा हुआ प्रतिकर और प्लॉट नहीं मिलेंगे, आंदोलन समाप्त नहीं होगा।

मंगलवार को एसपी सिटी विनायक गोपाल धरनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने किसानों से बातचीत कर धरना समाप्त करने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि धरना समाप्त नहीं किया गया तो कानून के तहत कार्रवाई करनी पड़ेगी। हालांकि, किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे।

बागपत: इंजेक्शन लगने के बाद महिला की मौत, चिकित्सक के खिलाफ एफआईआर
बागपत के छपरौली क्षेत्र के बौढ़ा गांव में सोमवार शाम बुखार का उपचार कराने गई 45 वर्षीय महिला की इंजेक्शन लगने के कुछ देर बाद मौत हो गई। परिजनों ने गांव के ही एक अप्रशिक्षित चिकित्सक पर बिना जांच इंजेक्शन लगाने और ओवरडोज देने का आरोप लगाया।

महिला की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया और चिकित्सक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। महिला के बेटे की शिकायत पर चिकित्सक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

मेरठ: समर गार्डन में पंखे से लटका मिला 19 वर्षीय युवक का शव
मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के समर गार्डन में मंगलवार सुबह 19 वर्षीय युवक का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। मां कमरे में पहुंचीं तो बेटे का शव देखकर उनकी चीख निकल गई। आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद चलेगा।

बागपत: दिवाली की रात हाईवे पर वाहन ने मारी टक्कर, होटल कर्मी की मौत
बागपत के सरूरपुरकला गांव में दिवाली की रात दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुए होटल कर्मी रवि (25) की सोमवार रात उपचार के दौरान मौत हो गई।

हादसे के बाद रवि को बड़ौत के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस से शिकायत कर अज्ञात वाहन का पता लगाकर कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्रयागराज: 19 नवंबर को होगी 41वीं इंदिरा मैराथन, विजेता को मिलेंगे दो लाख रुपये
प्रयागराज में 19 नवंबर को 41वीं अखिल भारतीय प्राइजमनी इंदिरा मैराथन का आयोजन होगा। प्रतियोगिता में पुरुष और महिला वर्ग के धावक फुल मैराथन (42.195 किलोमीटर) और हाफ मैराथन (21.097 किलोमीटर) में हिस्सा लेंगे।

क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी मेरठ मंडल जितेंद्र यादव के अनुसार, मैराथन का शुभारंभ सुबह 6:30 बजे आनंद भवन से होगा। दौड़ पूरी होने के बाद दोपहर 2:30 बजे मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। फुल मैराथन के विजेताओं को प्रथम पुरस्कार के रूप में दो लाख रुपये दिए जाएंगे। इच्छुक खिलाड़ी 17 नवंबर तक ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं।

दीपावली के बाद भी प्रदूषण बरकरार, मेरठ का एक्यूआई 256
दीपावली के बाद भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश और एनसीआर के जिलों में वायु प्रदूषण से राहत नहीं मिली है। मंगलवार को मेरठ का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 256, बागपत का 275, गाजियाबाद का 245 और मुजफ्फरनगर का 227 दर्ज किया गया।

सुबह और शाम के समय ठंडक बढ़ने के साथ कई क्षेत्रों में धुएं और धुंध की परत दिखाई दे रही है। हवा की गति कम रहने से प्रदूषक कण वातावरण में लंबे समय तक बने रह सकते हैं। प्रदूषण के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन और गले में खराश जैसी दिक्कतें हो सकती हैं।
विज्ञापन


भाई दूज पर नमो भारत के 32 अतिरिक्त फेरे, यात्रियों को मिलेगी राहत
भाई दूज पर यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए एनसीआरटीसी ने दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर नमो भारत ट्रेनों के 32 अतिरिक्त फेरे चलाने का निर्णय लिया है। ये विशेष फेरे 11 नवंबर को संचालित होंगे।

इससे यात्रियों को हर 10 मिनट से कम के अंतराल पर ट्रेन की सुविधा मिलेगी। त्योहार पर दिल्ली और मेरठ के बीच सफर करने वाले लोगों को अतिरिक्त फेरों से राहत मिलने की उम्मीद है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें