सेंट मेरीज स्कूल में हुआ खेल दिवस समारोह का आयोजन।
- फोटो : संस्थान
मेरठ। सेंट मेरीज एकेडमी में सोमवार को अंतरराष्ट्रीय खेल दिवस पर एक समारोह का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य रेवरेंड ब्रदर आनंद एलियास ने कहा खेल जीतने की प्रेरणा देता है और हारने पर धैर्य व साहस देता है। इस दौरान खेले गए क्रिकेट मैच में जूनियर क्रिकेट टीम ने शिक्षकों की टीम को 27 रनों से हराया।
प्रधानाचार्य ने कहा कि विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को महत्व देते हुए, मनोरंजन के साथ अनुशासन, टीम वर्क व नेतृत्व जैसे मूल्यों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विद्यालय ने नए सत्र की शुरुआत इस खेल दिवस समारोह से की। इस दौरान मैत्रीपूर्ण मैचों की शृंखला भी कराई गई। सुबह का समय विद्यालय के मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। पहले शिक्षकों व विद्यालय की जूनियर क्रिकेट टीम के बीच मैच खेले गए।
सुपीरियर ब्रदर पॉल, प्रधानाचार्य रेवरेंड ब्रदर आनंद और रेवरेंड ब्रदर प्रदीप की उपस्थिति में मैच शुरू हुआ। टॉस जीतकर शिक्षकों की टीम ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया और जूनियर क्रिकेट टीम ने 116 रनों का लक्ष्य दिया। रोमांचक मुकाबले में जूनियर क्रिकेट टीम ने 27 रनों से शानदार जीत दर्ज की। इसके अलावा प्राइमरी, किंडरगार्टन, मिडिल और सीनियर विंग की शिक्षिकाओं के बीच बास्केटबॉल और बैडमिंटन के मैच भी खेले गए। शिक्षिका पूजा शर्मा व ज्योति ने बैडमिंटन में प्रतिभा दिखाई। समारोह जोश, उत्साह और टीम वर्क का संदेश देते हुए संपन्न हुआ।