जेल प्रशासन ने नहीं दी थाने पर मारपीट की कोई तहरीर
- इंटेलिजेंस की टीम को भी जांच के लिए लगाया।
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह जिला कारागार में शुक्रवार दोपहर हुई बंदियों के दो गुटों में मारपीट, कट्टन चलने व एक बंदी के घायल होने के मामले में एसएसपी अविनाश पांडेय ने सीओ सिविल लाइन से रिपोर्ट मांगी है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद बंदियों के दोनों गुटों में टकराव के हालात बने हुए हैं। इंटेलिजेंस की टीम को भी जांच के लिए लगाया गया है।
शुक्रवार को बंदियों को जेल परिसर स्थित कृषि फार्म पर काम करने ले जाया गया था। यहां कहासुनी के बाद बंदियों के दो गुटों में बंदी रक्षकों के सामने ही मारपीट हुई। बंदी मौजा के गले पर कट्टन से वार किया गया। अत्यधिक रक्तस्राव होने पर उसे मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया। बंदी उपचाराधीन है। तीन दिन तक जेल प्रशासन इस मामले को दबाए बैठे रहे। न्यायिक, प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को घटना की जानकारी तक नहीं दी गई।
दोनों गुटों में टकराव के हालात के बाद भी जेल अधिकारी पूरे मामले को सामान्य बता रहे हैं। इस मामले में जेल प्रशासन ने कोई तहरीर भी मेडिकल थाने में नहीं दी है। जेल में टकराव का मामला सामने आने पर एसएसपी अविनाश पांडेय ने गंभीरता से लिया। उन्होंने सीओ सिविल लाइन से पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी है। इंटेलिजेंस की टीम से भी विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।
पूरे दिन पुलिस गोपनीय रूप से जेल के हालात व टकराव की जानकारी करती रही। माना जा रहा है कि सीओ सिविल लाइन की रिपोर्ट के बाद इस मामले में पुलिस कार्रवाई करेगी। एसएसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि जेल में मारपीट व एक बंदी के घायल होने की जानकारी मिली है। सीओ सिविल लाइन से रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट की गहनता से जांच करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-