जानीखुर्द। एसएसपी अविनाश पांडे ने रविवार को जानी क्षेत्र में चल रही एसआई भर्ती परीक्षा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने सीएलएम इंटर कॉलेज जानी और गुरुकुल सर्वाेदय इंटर कॉलेज पांचली का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षार्थियों की जांच, सीसीटीवी निगरानी और प्रवेश व्यवस्था को भी देखा तथा सुरक्षा व्यवस्था को सख्त रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद एसएसपी ने जानी थाने का भी निरीक्षण किया। थाने में अभिलेखों, साफ-सफाई और कानून-व्यवस्था से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। एसएसपी ने कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
-
एसएसपी को महिला ने दी शिकायत
एसएसपी अविनाश पांडे ने जानी थाने के निरीक्षण के दौरान अपने पति के खिलाफ उत्पीड़न की शिकायत लेकर आई गांव कलंजरी निवासी प्रीति से उसकी शिकायत सुनकर थाना पुलिस को उसके पति गौतम के खिलाफ कार्रवाई के लिए कहा। इस दौरान एसएसपी ने प्रीति के साथ आई उसकी 12 साल की बेटी रीत से पूछा कि वह बड़ा होकर क्या बनना चाहती है तो रीत ने जवाब दिया कि वह आप जैसा अधिकारी बनेगी। इस पर एसएसपी ने अपना पेन रीत को इनाम में दिया और कहा कि अधिकारी बनने पर जरूर मिलने आना।