मेरठ। लिसाड़ी रोड स्थित बिजलीघर पर तैनात एसएसओ का शराब पीने का वीडियो वायरल होने के बाद अधिशासी अभियंता सचिन कुमार ने उसे हटा दिया है। साथ ही प्रोजेक्ट मैनेजर उत्तर प्रदेश भूतपूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड को पत्र भेजकर आरोपी एसएसओ के खिलाफ कार्रवाई कर भविष्य में विद्युत निगम में तैनाती न करने के लिए कहा है।
पीवीवीएनएल के अधिकतर बिजलीघरों पर उत्तर प्रदेश भूतपूर्व सैनिक कल्याण निगम द्वारा दिए गए पूर्व सैनिक एसएसओ के रूप में कार्यरत हैं। लिसाड़ी रोड बिजलीघर पर तैनात एसएसओ अजय पाल का शुक्रवार को शराब पीते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। यह खबर शनिवार को मीडिया में सुर्खी बनी तो विद्युत निगम अधिकारियों ने आरोपी एसएसओ के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आदेश दिया। इसके बाद अधिशासी अभियंता सचिन कुमार ने अजय पाल को बिजलीघर से हटाकर उत्तर प्रदेश भूतपूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड के प्रोजेक्ट मैनेजर को पत्र भेजकर अजय पाल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा बाकी कर्मियों को भी ऐसा आचरण नहीं करने की सलाह देने के निर्देश दिए। अधीक्षण अभियंता शहर एके सिंह ने बताया कि कार्य स्थल पर किसी भी तरह का कदाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई भी कर्मचारी इस तरह की कारगुजारी करेगी तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।