संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। घाट रोड स्थित पंचवटी ग्राउंड पर बृहस्पतिवार को अंडर-14 का मैच श्रीनाथ क्रिकेट एकेडमी और पंचवटी के बीच हुआ। रोमांचक मैच में श्रीनाथ की टीम ने एक रन से जीत प्राप्त की। श्रीनाथ क्रिकेट एकेडमी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में 6 विकेट खोकर पंचवटी एकेडमी को 296 रन बनाए। इसमें तुषार पाल ने 71, नव्या ने नॉट आउट 50 व आयुष प्रताप सिंह ने नॉटआउट 50 रन बनाए। पंचवटी की ओर से गेंदबाजी करते हुए हर्ष राणा ने 3, विशेष ने दो व सात्विक ने एक विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंचवटी की टीम 50 ओवर में छह विकेट खोकर 295 रन ही बना सकी। हर्ष राणा ने शानदार बल्लेबाजी का नजारा पेश किया और 103 रन की शतकीय पारी खेली। लक्षित राणा ने भी 59 रनों के साथ अच्छा साथ दिया। विशेष ने 44 रन बनाए। श्रीनाथ एकेडमी के गेंदबाज आयुष शर्मा ने दो, शुभ गुर्जर ने एक विकेट लिया। मैन ऑफ द मैच बने तुषार पाल को कोच उमेश कुमार ने बधाई दी।