मेरठ। निजी अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत पर सोमवार को बखेड़ा हो गया। महिला के परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया। पीड़ित परिवार की तहरीर पर थाना नौचंदी में अस्पताल के पांच चिकित्सकों और एक मैनेजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
यह मामला गढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल से जुड़ा है। दो दिन पहले घुटने में दर्द होने की शिकायत पर मोनिका पत्नी शिवकुमार निवासी अलीपुर सरधना को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मोनिका का रविवार रात घुटने का ऑपरेशन होना था। रविवार देर रात महिला के परिजनों ने आरोप लगाया था कि चिकित्सकों ने मोनिका को गलत इंजेक्शन लगा दिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। इसको लेकर आधी रात तक अस्पताल में जमकर हंगामा हुआ।
सोमवार को महिला की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलने पर परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। परिवार वालों ने अस्पताल में हंगामा और नारेबाजी करनी शुरू कर दी। मामला तूल पकड़ने पर नौचंदी थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पीड़ित परिवार को समझा-बुझाकर शांत किया और शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मोनिका के देवर अंकित की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
मोनिका के परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी देखी जा रही है। जांच पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई होगी। -डॉ. एएन सिंह, एसपी सिटी