मेरठ। रेलवे रोड थाना क्षेत्र में रोहटा फ्लाईओवर के पास शनिवार को तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने सवारियों से भरे टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ब्रह्मपुरी निवासी सरोज बाला(70) की मौत हो गई, जबकि कई अन्य सवारियां घायल हो गईं।सीओ कैंट विश्व ज्योति राय ने बताया कि टेंपो में करीब 10 यात्री सवार थे। चालक टेंपो लेकर रोहटा की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रहे मिनी ट्रक ने टेंपो में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल भिजवाया। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई बुजुर्ग सरोज बाला को चिकित्सकों ने उपचार के दौरान मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक सरोज बाला अपनी बहन से मिलने के लिए रोहटा रोड जा रही थी। हादसे की खबर मिलते ही उनके परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त मिनी ट्रक और टेंपो को भी कब्जे में ले लिया गया है। हादसे के बाद कुछ देर तक फ्लाईओवर के आसपास यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने बाद में सुचारु कराया।
सीओ कैंट का कहना है कि अभी तक मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-