बिजली कटौती, लो-वोल्टेज, ट्रिपिंग और जर्जर विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। नगर में लगातार बिगड़ रही विद्युत व्यवस्था को लेकर समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष सलीम अंसारी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को विद्युत वितरण खंड कार्यालय पहुंचकर अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बरसात के दौरान हो रही बिजली कटौती, लो-वोल्टेज, ट्रिपिंग और जर्जर विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया है कि वर्षा शुरू होते ही सरधना नगर की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। कई क्षेत्रों में घंटों बिजली गुल रहने, लो-वोल्टेज, बार-बार ट्रिपिंग, फेज उड़ने, ओवरलोडिंग और जर्जर विद्युत लाइनों के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छोटे बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं, व्यापारियों और विद्यार्थियों को सबसे अधिक दिक्कत उठानी पड़ रही है।
सपाइयों ने ज्ञापन में बूढ़ा बाबू, मंडी चमारान, कसारा नवाबान, मेहल शेखान, देवी मंदिर, बेलदारान और इंदिरा नगर समेत कई मोहल्लों में बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग की। साथ ही वर्तमान और मेनका फीडर की क्षमता बढ़ाने, जर्जर विद्युत पोल और तार बदलने, खुले ट्रांसफार्मरों की फेंसिंग कराने, आबादी के बीच से गुजर रही 11 केवी लाइन की सुरक्षा जांच कराने की मांग की।
हाईटेंशन लाइनों के संपर्क में आ रही पेड़ों की शाखाओं की छंटाई कराने की मांग उठाई। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि हाल ही में तहसील रोड पर एक विद्युत पोल में करंट उतरने से एक मासूम बच्ची झुलस गई थी। इसे विभागीय लापरवाही का गंभीर उदाहरण बताते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल लागू करने की मांग की गई।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो नगरवासियों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी। ज्ञापन देने वालों ललित गुर्जर, शाहिद मलिक, तारिक हसन, अतीक अहमद शामिल रहे।